चंडीगढ़ पर पंजाब के दावे पर गृह मंत्री अनिल विज का पलटवार, ‘पंजाब सरकार को मुद्दों की पूरी जानकारी नहीं, चंडीगढ़ अकेला मुद्दा नहीं’

April 2, 2022

चंडीगढ़ पर पंजाब के दावे पर गृह मंत्री अनिल विज का पलटवार, ‘पंजाब सरकार को मुद्दों की पूरी जानकारी नहीं, चंडीगढ़ अकेला मुद्दा नहीं’

एसवाईएल और हिंदी भाषी क्षेत्र मुद्दों पर कुछ नहीं बोलती पंजाब सरकार : अनिल विज

पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत नहीं बल्कि कुछ लोगों की हार हुई : अनिल विज

चंडीगढ़, 02 अप्रैल  रवि पथ :

प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ पर पंजाब सरकार के दावे पर हरियाणा के गृह मंत्री  अनिल विज ने पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर पलटवार किया है।

पंचकूला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान

विज ने कहा कि पंजाब सरकार को मुद्दों की जानकारी नहीं है, चंडीगढ़ का मुद्दा अकेला मुद्दा नहीं है और उसके साथ एसवाईएल, हिंदी भाषी क्षेत्र का मुद्दा भी है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि चार राज्यों में हुए चुनावों में भाजपा जीती और वहां आम आदमी पार्टी का क्या बना! पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत नहीं बल्कि कुछ लोगों की हार हुई है।  विज ने कहा कि भाजपा संगठनात्मक पार्टी है और मजबूती देने के लिए समय-समय पर कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं।

चंडीगढ़ पर जब कभी फैसला होगा तो वह एकल फैसला होगा : अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि पंजाब में जो सरकार आई है, वह बच्चा पार्टी है, इनको मुद्दों की पूरी जानकारी नहीं है। चंडीगढ़ का मुद्दा अकेला मुद्दा नहीं है, उसके साथ और कई मुद्दे और भी जुड़े हुए हैं जिनमें एसवाईएल का पानी, हिंदी भाषी क्षेत्र मुद्दे जुड़े है। इन मुद्दों के बारे में पंजाब सरकार कुछ बोलती नहीं है।  विज ने कहा कि जब भी कभी फैसला होगा तो वह एकल फैसला होगा और अलग-अलग फैसले नहीं हो सकते।

धोखे से जन्म हुआ आम आदमी पार्टी का, कदम-कदम पर धोखा करेगी : अनिल विज

चुनावी वायदों से ध्यान भटकाने के लिए चंडीगढ़ का मुद्दा आम आदमी पार्टी द्वारा छेड़ने के सवाल पर गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि ‘ये तो वायदे है वायदों का क्या’। उन्होंने कहा यकीनी तौर पर पंजाब में जो सरकार आई है वह शिशुकाल में है और अभी इनके दूध के दांत भी नहीं निकलते हैं। उनके बारे में वह कुछ नहीं कहना चाहते। मगर, आम आदमी पार्टी धोखेबाज पार्टी है जिनका जन्म धोखे से हुआ है। अन्ना हजारे के आंदोलन में कहीं भी यह एजेंडे में नहीं था कि इस आंदोलन से पार्टी बनाई जाएगी, मगर कुछ शरारती तत्वों ने लोगों की भवनाओं से खिलवाड़ करते हुए राजनैतिक पार्टी का गठन किया। अब जिस पार्टी का जन्म धोखे से हुआ, वह कदम-कदम पर धोखा करेगी।

पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत नहीं कुछ लोगों की हार हुई : अनिल विज

हरियाणा में आम आदमी पार्टी की दस्तक देने के सवाल पर गृह मंत्री अनिल विज बोले कि किसी भी पार्टी को हिंदुस्तान के किसी भी प्रदेश में जाकर अपनी कार्रवाई करने का अधिकार है। मगर, वह पूछना चाहते हैं कि आम आदमी पार्टी का यूपी, उत्तराखंड, गोवा एवं मणिपुर चुनावों में क्या हुआ। पार्टी वहीं है, नेता वहीं है, मगर पंजाब में हालात अलग थे, पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत नहीं बल्कि कुछ लोगों की हार हुई है।

संगठन मजबूती के लिए समय-समय पर होते कार्यक्रम : अनिल विज

भाजपा पार्टी की पंचकूला में आयोजित बैठक के सवाल पर गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक पार्टी है। इसमें हमेशा संगठन की मजबूती पर जोर दिया जाता है और समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम चलते रहते है ।