विधायक देवेन्द्र बबली ने बैठक कर अधिकारियों से ली जल जीवन मिशन बारे जानकारी

March 23, 2021

विधायक देवेन्द्र बबली ने बैठक कर अधिकारियों से ली जल जीवन मिशन बारे जानकारी

जल जीवन मिशन सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट

टोहाना, 22 मार्च  रवि पथ :

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की टीम ने सोमवार को विधायक देवेंद्र सिंह बबली से उनके कार्यालय में मुलाकात की और जल जीवन मिशन के बारे में पूर्ण रूप से जानकारी दी और फीडबैक भी लिया गया। टोहाना विधानसभा क्षेत्र से जल जीवन मिशन के तहत भेजे गए प्रस्ताव बारे विधायक ने विस्तार से चर्चा की गई और जल संरक्षण में ज्यादा से ज्यादा कार्यक्रम करने के लिए प्रेरित किया।
विधायक देवेंद्र बबली ने कहा कि जल जीवन मिशन प्रधानमंत्री व हरियाणा के मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। जल जीवन मिशन के तहत जहां पूरे भारत में हर घर नल से जल पहुंचाने का कार्य 2024 तक करना है, वहीं मुख्यमंत्री पूरे हरियाणा वासियों को 2022 तक हर घर नल से जल पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्राम जल एवं सीवरेज समिति सदस्यों को जल जीवन मिशन के प्रति सशक्त बनाना है। समिति के सभी सदस्य सरपंच, पंच, ग्राम सचिव, कनिष्ठ अभियंता आंगनबाड़ी वर्कर, आशा वर्कर आदि के साथ-साथ समिति में महिलाओं की भागीदारी 50 प्रतिशत सुनिश्चित की गई है। गांव की पेयजल व्यवस्था के संचालन व रखरखाव की जिम्मेदारी अब समिति की रहेगी।

2022 तक पेयजल व्यवस्था ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने जा रहे है।
उन्होंने बताया कि जिले के ग्रामीण आबादी के कुल एक लाख 40 हजार 819 घरों में से एक लाख 9 हजार 393 घरों के कनैक्शन वैध करके हर घर नल से जल प्रदान किया जा चुका है। शेष घरों को नल से जल प्रदान करने का कार्य प्रगति पर है। 2022 तक इस कार्य को संपूर्ण कर लिया जाएगा। कार्यकारी अभियंता आदर्श सिंगला ने बताया कि भूमिगत जल स्तर का लगातार नीचे जाना चिंता का विषय बनता जा रहा है। जिले का टोहाना पहले से डार्क जोन घोषित हो चुका है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी और अधिक बन जाती है कि जल का दोहन कम से कम हो और पेयजल की बर्बादी ना हो। जल जीवन संवाद के जरिए जन-जन को जागरूक करने का कार्य ग्राम स्तर पर किया जाएगा। बैठक में कार्यकारी अभियंता आदर्श सिंगला, उप मंडल अभियंता दलविंदर सिंह, मंडल अभियंता मनदीप सिंह, जिला सलाहकार जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन शर्मा चंद लाली ने भाग लिया।