घरेलू महिला कामगारों के सशक्तिकरण के लिए मिशन चहक का आगाज, लगभग 4 हजार घरेलू महिला कामगारों का डाटाबेस तैयार

December 2, 2020

घरेलू महिला कामगारों के सशक्तिकरण के लिए मिशन चहक का आगाज, लगभग 4 हजार घरेलू महिला कामगारों का डाटाबेस तैयार

पटेल नगर में आयोजित पहले शिविर में 200 से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा, विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर पात्रता के अनुरूप दी योजनाओं की जानकारी

हिसार, 02 दिसंबर  रवि पथ :

घरेलू महिला कामगारों को सशक्त बनाने के लिए हिसार जिला प्रशासन द्वारा आरंभ किए गए मिशन चहक के तहत आज पटेल नगर के सामुदायिक केंद्र में पहले शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन हिसार की उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने किया। पहले शिविर में 200 से अधिक घरेलू महिला कामगारों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि तुम से हम हैं, के आदर्श वाक्य के साथ मिशन चहक की शुरूआत की गई है। घरेलू महिला कामगारों को भारतीय अर्थव्यवस्था की छुपी हुई नायिका बताते हुए उन्होंने कहा कि मिशन चहक के तहत घरों में काम करने वाली महिलाओं और उनके बच्चों के जीवन स्तर में सुधार के लिए नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में इस प्रकार के शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में उन्हें उनकी पात्रता के अनुरूप विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ प्रदान किए जाएंगे। उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि अभी तक हिसार जिला में लगभग 4 हजार घरेलू महिला कामगारों का डाटाबेस इक्_ïा कर लिया गया है
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में काफी संख्या में घरेलू महिला कामगार बेरोजगार हुई हैं। इसलिए इन्हें रोजगार उपलब्ध करवाकर और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देकर इनके जीवन स्तर में सुधार लाना मिशन चहक का मुख्य मकसद है। मिशन चहक के पहले चरण के बाद अब उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान करने के साथ-साथ कानूनी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
मिशन चहक पुस्तिका का विमोचन :-
इस दौरान उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणाकारी योजनाओं के संबंध में तैयार मिशन चहक पुस्तिका का भी विमोचन किया। इस पुस्तिका में समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला कल्याण कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग तथा श्रम विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के नाम, आवेदन के तरीके व पात्रता की शर्तें, सलंगन किए जाने वाले दस्तावेज तथा योजना के तहत दी जाने वाली सहायता राशि का विस्तार पूर्वक वर्णन किया गया है। इस पुस्तिका में महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानून, अधिनियम तथा अधिकारों की भी जानकारी दी गई है। यह पुस्तक सभी घरेलू महिला कामगारों को नि:शुल्क वितरित की गई।


इन विभागों ने स्टॉल लगाकर महिलाओं को दी जानकारी :
पटेल नगर के सामुदायिक केंद्र में आयोजित मिशन चहक कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर घरेलू महिला कामगारों को उनकी पात्रता के अनुरूप मिलने वाले योजनाओं के लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रदर्शनी में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला अटोर्नी, स्वास्थ्य विभाग, वन स्टॉप सेंटर के अधिकारी व कर्मचारी, जिला बाल तथा महिला सरंक्षण अधिकारी, रैड क्रॉस, श्रम विभाग, समाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, कल्याण विभाग इत्यादि विभागों के अधिकारियों ने घरेलू महिला कामगारों को उनके अधिकारों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।