रेल मंत्रालय ने मानी विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता की मांगें

June 16, 2021

रेल मंत्रालय ने मानी विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता की मांगें
पंचकूला-चंडीगढ़ में बनेगा विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन, दोनों तरफ होगा समान विकास

इंडियन स्टेशन डेवलपमेंट अथॉरिटी की सह प्रबंध निदेशक ने दी जानकारी

एयरपोर्ट की तर्ज पर मिलेंगी सुविधाएं, 3 साल में पूरी होगी 215 करोड़ की परियोजना

पंचकूला, 16 जून  रवि पथ :

केंद्रीय रेल मंत्रालय ने हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता द्वारा की गई पंचकूला-चंडीगढ़ में विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन और दोनों शहरों के बीच नई कनेक्टिविटी समेत लगभग सभी बड़ी मांगों पर स्वीकृति दे दी है। इंडियन स्टेशन डेवलपमेंट अथॉरिटी की सह प्रबंध निदेशक प्रणीता राय ने बुधवार को विस अध्यक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी। उत्तर भारत के लिए महत्वपूर्ण इस परियोजना योजना के विभिन्न पक्षों पर चर्चा करने के लिए प्रणीता राय 23 जून को चंडीगढ़ आएंगी। इस दौरान वे पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक और हरियाणा विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता से परियोजना के व्यावहारिक पक्षों पर चर्चा करेंगी।

इसी वर्ष 14 अप्रैल को विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर पंचकूला-चंडीगढ़ के लिए विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन, पंचकूला की तरफ रेलवे स्टेशन का विस्तार, पंचकूला और चंडीगढ़ को जोड़ने के लिए अंडरपास के निर्माण की मांग की थी। इसके दो दिन बाद यानी 16 अप्रैल को दोनों नेताओं ने ऑनलाइन बैठक कर इस सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा की थी। इस दौरान पंचकूला के सेक्टर-19 में निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर भी बात हुई थी।

ज्ञान चंद गुप्ता ने केंद्रीय रेल मंत्री को बताया था कि पंचकूला चंडीगढ़ से सटा हुआ शहर है। यहां का रेलवे स्टेशन दोनों शहरों के बीच में हैं, लेकिन पंचकूला की तरफ वाले हिस्से में सुविधाओं का घोर अभाव है। इस रेलवे स्टेशन की पंचकूला से ठीक से कनेक्टिविटी भी नहीं है।

इंडियन स्टेशन डेवलपमेंट अथॉरिटी की सह प्रबंध निदेशक प्रणीता राय ने बुधवार को विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर बताया कि रेल मंत्रालय ने उनकी सभी मांगें मान ली हैं। इसके चलते अब पंचकूला-चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को विश्व स्तरीय स्टेशन बनाया जाएगा। इतना ही नहीं स्टेशन को चंडीगढ़ और पंचकूला की तरफ से समान ढंग से विकसित किया जाएगा। फिलहाल यहां पंचकूला की तरफ बहुत की कम सुविधाएं हैं। यहां एयरपोर्ट की तर्ज पर सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। दोमंजिले वेटिंग लॉन्ज, यात्रियों की सुविधा के लिए 12 एक्सिलेटर तथा 6 लिफ्ट स्थापित होंगी। 215 करोड़ रुपये की इस परियोजना के लिए 2 सप्ताह के भीतर टेंडर निकाले जाएंगे। प्रोजेक्ट के तीन साल में पूरा होने की संभावना है।

इस प्रोजेक्ट का सबसे ज्यादा लाभ उन लोगों को होगा, जिन्हें रोजाना अपने कार्यों के लिए चंडीगढ़-पंचकूला आना-जाना होता है। इस प्रोजेक्ट में रेलवे स्टेशन के नीचे से रेलवे अंडर पास (आरयूबी) बनाने का प्रस्ताव है। यह नया रास्ता पंचकूला के सेक्टर 17-18 वाले चौक से शुरू होकर रेलवे स्टेशन के नीचे से होता हुआ चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1 में निकलेगा। इससे मध्य मार्ग पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिल सकेगा।