अमृत महोत्सव के तहत जिले के विभिन्न विकास खंडों के 75 गांवों का चयन किया गया

August 12, 2021

अमृत महोत्सव के तहत जिले के विभिन्न विकास खंडों के 75 गांवों का चयन किया गया

13 अगस्त से 2 अक्टूबर तक संबंधित गांवों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे

हिसार, 12 अगस्त  रवि पथ :

देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर अमृत महोत्सव के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अमृत महोत्सव के तहत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार नेहरू युवा केंद्र द्वारा जिले में 13 अगस्त से 2 अक्टूबर 2021 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के लिए शेड्यूल तैयार किया गया है।
यह जानकारी देते हुए नेहरू युवा केंद्र के प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि अमृत महोत्सव के तहत 21 अगस्त को जिला स्तर पर फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिले के अलग-अलग विकास खंडों से 75 गांवों का चयन किया गया है। संबंधित गावों में 13 अगस्त से लेकर 2 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें राष्ट्रीय ध्वजारोहण व राष्ट्रगान का भी कार्यक्रम शामिल है। प्रत्येक गांव में फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन भी किया जाएगा। अमृत महोत्सव कार्यक्रम में चयनित 75 से 100 प्रतिभागी हिस्सा लेंगें।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए प्रत्येक गांव के युवा मंडल से एक-एक पदाधिकारी का भी चयन किया गया है। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, जन प्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानी, स्वतंत्रता सेनानी के परिवार जन, भारतीय सेना के अधिकारी व सेनानी तथा गांव के समस्त युवा एवं महिलाएं भाग लेंगी। इस कार्यक्रम के आयोजन हेतु राष्ट्रीय ध्वज, बैनर व बैजेस को लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। देश की आजादी के संग्राम के विषय में जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विभिन्न महत्वपूर्ण स्थल जिनका स्वतंत्रता संग्राम से संबंध रहा है, उनका दौरा किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 13 अगस्त से 2 अक्टूबर तक आने वाले प्रत्येक शनिवार को प्रत्येक गांव में देशभक्ति से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की थीम-जन भागीदारी से जन आंदोलन है। फिट इंडिया फ्रीडम रन के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को प्रोत्साहित किया जाएगा कि वह रोजाना 30 मिनट का व्यायाम करें और अपने जीवन को सफल बनाने का प्रयास करे। फिटनेस की डोज आधा घण्टा रोज अभियान के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को फिट रहने की प्रेरणा दी जाएगी। इस कार्यक्रम में नेहरू युवा केन्द्र हिसार से संबंधित युवा मंडल से जुड़े हुए युवा एवं एनएसएस के स्वयंसेवक भी भाग लेंगे।