अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला पुलिस के शौर्य का होगा प्रदर्शन

March 7, 2021

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला पुलिस के शौर्य का होगा प्रदर्शन

शिमला रवि पथ :

हिमाचल के 50 वर्ष के सफर में महिला पुलिस की वीरागंनाओं के शौर्य की झलक अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक रिज मैदान पर देखने को मिलेगी। यही नहीं, सोमवार को प्रदेशभर में महिला पुलिस कानून-व्यवस्था के साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था का जिम्मा संभालते भी नजर आएगी। इंटरनेशनल वूमेन-डे पर प्रदेश पुलिस विभाग रिज मैदान पर मैगा कार्यक्रम आयोजित करेगा।
प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने रविवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष के तहत इंटरनेशन वूमेन-डे पर रिज मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और महिला पुलिस को उनकी सेवाओं के प्रति सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय करेंगे। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान रिज मैदान में हिमाचल पुलिस की महिला कर्मी परेड, बाइक स्टंट और साहसिक कर्तव्य प्रस्तुत करते हुए अपने शौर्य का प्रदर्शन करेंगी। प्रिंयका नेगी पहली परेड की अगुवाई करेंगी। उन्होंने कहा कि शाम को गेयटी थियेटर में एक कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि होंगे। इसमें महिला जवानों द्वारा कव्वाली, नाटी आदि प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से हिमाचल के 50 वर्षों के सफर में महिला पुलिस के योगदान को दर्शाया जाएगा। इस मौकेे पर काफी टेबल बुक और वीरांगना नामक स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।

इस मौके पर डीआईजी सुमेधा द्विवेदी ने कहा कि वर्ष 1973 में पहली बार 3 महिला हिमाचल पुलिस विभाग में आई थी। इसके बाद 1975 में 28 महिलाओं का फर्स्ट बैच आया था। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में फर्स्ट बैच की 28 महिलाओं को भी आंमत्रित किया गया है। इसके साथ ही फर्स्ट महिला आईपीएस से लेकर फर्स्ट महिला इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, एएसआई, हैड़ कांस्टेबल व कांस्टेबल को भी सम्मानित किया जाएगा।

फिल्मी सितारों ने हिमाचल महिला पुलिस को दी बधाई
महिला सशक्तिकरण को लेकर कार्य करने वाले कई अभिनेताओं और बुद्धिजीवियों ने हिमाचल की महिला पुलिस को इंटरनेशल वूमेन डे की विशेष तौर पर बधाई दी है। हेमा मालिनी, आमिर खान, अनुपम खेर, प्रकाश झा, हंसराज हंस जैसे बड़े अभिनेताओं व अन्य हस्तियों ने महिला पुलिस के इस खास कार्यक्रम के लिए अपने संदेश रिकार्ड करवाए हैं। इनमें हिमाचल में महिला पुलिस के कार्यों की सराहना की गई है।