कुलदीप बिश्नोई ने की कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग

April 7, 2019

कुलदीप बिश्नोई ने की कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग

रवि पथ ब्यूरो हिसार, 07 अप्रैल :

कांग्रेस केन्द्रीय कार्यसमिति के सदस्य कुलदीप बिश्नोई ने आज सेक्टर-15 स्थित आवास पर हिसार लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं की बैठक ली और चुनावी तैयारियों बारे जायजा लिया। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं को चुनाव बारे आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बूथ स्तर तक पार्टी की और ज्यादा मजबूती बारे विचार सांझा किए और जोर-शोर से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गत लोकसभा चुनाव में हुए धोखे का बदला लेने का समय आ गया है और हिसार लोकसभा क्षेत्र के हर गांव, हर ढाणी व शहरों में कांग्रेस के पक्ष में एकतरफा माहौल है। किसी भी अन्य पार्टी या उम्मीदवार से हमारा प्रचार अभियान तथा तैयारियां जोरों पर हैं, क्योंकि विधायक रेनुका बिश्नोई पिछले 15 माह से लगातार लोकसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान पर हैं और भव्य बिश्नोई ने भी आधे हिसार लोकसभा क्षेत्र में जनसंपर्क पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के लिए मुसीबत बनकर उभरी है।

इस सरकार में किसानों की कोई सुनवाई नहीं है। हर  स्तर पर किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। सरसों की खरीद का न्यूनतम समर्थन मूल्य सरकार ने 4200 रूपए प्रति क्विंटल रखा है, लेकिन किसानों को 3200 से 3500 रूपए प्रति क्विंटल में फसल बेचने के लिए मजबूर किया जा रहा है। न तो समय पर किसानों की फसल का उठान हो रहा है और न ही सरकारी रेट मिल रहे हैं, जिससे किसान वर्ग में हताशा है। किसानों को सरसों बेचने में बहुत ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़  रहा है। सरकार ने नियम ही ऐसे  बनाए हैं कि एक किसान को अपनी सरसों बेचने के लिए आज रात को निकलना पड़ेगा तो वह अगले दिन रात को घर लौटेगा। सरकार निजी कंपनियों को सरसों खरीदने का ठेका दे रही है, जो कि व्यापारी वर्ग, आढ़ती के साथ-साथ किसानों के लिए भी गलत है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि किसानों को राहत देने के लिए जल्द से जल्द उचित कदम उठाए। इस दौरान पूर्व सांसद पं. रामजीलाल, द्वारका प्रसाद, संजय गौतम, विक्रांत देवीलाल बिश्नोई, बलदेव खोखर, बहादुर चंद शर्मा, रामनिवास राड़ा, विनोद मेहता, राजेश सिहाग, देवेन्द्र सैनी, महेन्द्र घोड़ेला, सुनील दिल्लूवाला, फूलकुमार, दलबीर सलेमगढ़, विरेन्द्र बामल, अविनाश बिश्नोई, रामफल बूरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकत्र्ता उपस्थित थे।

दीी