किसानों को पूरी तरह से समर्पित है केंद्र व प्रदेश की सरकार : विधायक डॉ. कमल गुप्ता
किसानों की सभी आशंकाओं को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
तीनों कृषि कानून किसानों के हित में
हिसार, 16 दिसंबर रवि पथ :
हिसार के विधायक डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार पूरी तरह किसानों को समर्पित पार्टी है। प्रदर्शनकारी किसान भी हमारे अपने हैं और उनके लिए सरकार के दरवाजे हमेशा के लिए खुले हैं। किसानों की सभी आशंकाओं को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। वे आज स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में एक पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के हाथों में किसानों के हित पूरी तरह से सुरक्षित हैं। तीनों कानून किसानों के हित में है और सुधार के इन कानूनों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया जाना चाहिए क्योंकि पुराने कानूनों से किसान का भला नहीं हो सकता और देश कभी भी आगे नहीं बढ़ सकता था।
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि खेती को लाभप्रद बनाने और किसानों की आय दोगुनी करने के लिए केंद्र की सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। इस दिशा में चार महत्वपूर्ण उपाय देश में किसानों के हित में उठाए गए हैं। इनके तहत कृषि उत्पादन बढ़ाने, उत्पादन की लागत कम करने, मिट्टी की जांच और अनुकूल खाद जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसी प्रकार से कृषि उपज के ज्यादा दाम दिलाने तथा प्राकृतिक आपदा या अन्य स्थिति में उपज के नुकसान में किसान को पर्याप्त आर्थिक सहायता देना है। उन्होंने कहा कि नये कृषि कानूनों में सरकार का सबसे महत्वपूर्ण प्रयास यह है कि किसानों को प्रतिस्पर्धी मूल्य मिले। कुल मिलाकर सरकार का लक्ष्य है कि किसान प्रतिस्पर्धा में पूरी तरह सक्षम बन सके। इसी दिशा में किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की राशि देने की किसान सम्मान निधि तथा फसल बीमा जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को भी सरकार ने अपने कार्यकाल में लागू करके दिखाया है। ऐसे निर्णयों से किसानों की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हो रहा है।
विधायक ने कहा कि सच्चाई यह है कि कांग्रेस व अन्य विरोधी पार्टियों के पास कोई मुद्दा ही नहीं है और ये दल किसानों को भ्रमित कर देश का माहौल बिगाडऩे पर तुले हुए हैं। यदि किसानों को देश के किसी भी हिस्से में ज्यादा दामों पर फसल बेचने की आजादी मिले तो इसमें नुकसान कुछ भी नहीं है। न्यूनतम समर्थन मूल्य के बारे में भी विपक्षी दल भ्रम फैला रहे हंै, जबकि सरकार यह स्पष्टï कर चुकी है कि एमएसपी किसी भी सूरत में समाप्त नहीं होगा। मंडियों के विषय में भी झूठ फैलाया जा रहा है कि को इनको समाप्त कर दिया जाएगा, यह भी केवल कोरी झूठ है। नए कानूनों से तो मंडी व्यवस्था में और अधिक सुधार होगा। नई व्यवस्था में निजी मंडियां और अतिरिक्त व्यापारी आने से किसानों को अधिक विकल्प हासिल होंगे। उद्यमियों और किसानों के बीच फसल संबंधी सौदे भी आपसी सहमति से होंगे। विधायक गुप्ता ने कहा कि आजादी मिलने के बाद पहली बार वर्तमान सरकार ने ही किसानों को सशक्त और सृमद्घ बनाने की पहल की है ताकि आत्मनिर्भर भारत में किसान भी आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने किसानों से आह्वïान किया कि वे विपक्षी दलों के भ्रम जाल में न फंसे और खेती को लाभदायक बनाते हुए किसानों की आय को दोगुनी करने की मुहिम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ दें। इस अवसर पर भाजपा नेता सुजीत कुमार, उपाध्यक्ष कृष्ण बिश्रोई, पूर्व चेयरमैन महाबीर जांगड़ा, रामचंद्र गुप्ता, सुरेश गोयल, सुरेंद्र सैनी, विकास जैन, लोकेश असीजा तथा सुनील वर्मा सहित अन्य पार्टी नेता उपस्थित थे।