प्रदेश की जनता के खुशहाल जीवन के लिए सरकार ईज-टू-लिविंग के लिए कर रही काम : मुख्यमंत्री मनोहर लाल।

November 19, 2020

प्रदेश की जनता के खुशहाल जीवन के लिए सरकार ईज-टू-लिविंग के लिए कर रही काम : मुख्यमंत्री मनोहर लाल।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल के सैक्टर 9 में जिला भाजपा कार्यालय का किया भूमि पूजन, निर्माण कार्य करने के लिए रखी नींव, कार्यकर्ताओं को दी बधाई।

करनाल 19 नवम्बर  रवि पथ :

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश की जनता सामान्य जीवनयापन करे और उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई हो इसके लिए हरियाणा सरकार ईज-टू-लिविंग के लिए काम कर रही है। पिछले 6 साल के कार्यकाल में उन्होंने प्रदेश में समान विकास करवाए हैं, उनके लिए हरियाणा एक – हरियाणवी एक है। भारतीय जनता पार्टी विकास के मामले में क्षेत्र, वर्ग, जाति का भेदभाव नहीं करती बल्कि समस्त प्रदेश की जनता उनकी अपनी है और प्रदेश में समान विकास हो इसके लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हवन यज्ञ व मंत्रोच्चारण कर वीरवार को सैक्टर 9 स्थित भाजपा के जिला कार्यालय का शिलान्यास व भूमि पूजन कर कार्यालय भवन की नींव रखी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को इस नेक कार्य की बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता के लिए उसका कार्यालय एक मंदिर के समान होता है। कार्यकर्ता अपने अधिकार से कार्यालय में बैठकर कार्य कर सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यालय से पार्टी का सुदृढ़ीकरण होता है। उन्होंने कहा कि पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए पांच क की जरूरत होती है जिनमें कार्य पद्धति, कार्यक्रम, कोष, कार्यकर्ता व कार्यालय का होना शामिल है।


उन्होंने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है कि करनाल में भाजपा के जिला कार्यालय के निर्माण कार्य की शुरूआत हो चुकी है और आने वाले 6 महीने में यह कार्यालय बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि तत्कालीन पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वर्तमान में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने निर्णय लिया था कि देश के सभी जिलों में भाजपा का कार्यालय हो। अब देश के 600 जिलों में से 400 जिलों में भाजपा के कार्यालय बन चुके हैं, शेष पर कार्य चल रहा है। हरियाणा में 7 कार्यालयों का उद्घाटन हो चुका है, 9 जिलों में निर्माण कार्य हो चुका है और 4 कार्यालयों का शिलान्यास अंतिम चरण में है और शीघ्र ही सिरसा और फरीदाबाद जिलों में भी जमीन के आबंटन के बाद भूमि पूजन कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है, इसमें कार्यकर्ताओं का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वर्ष 2014 से अब तक प्रदेश में जनमत को अपने पक्ष में किया है। चाहे प्रदेश में नगर निगम के चुनाव हों, लोकसभा चुनाव हों, विधानसभा के उपचुनाव हों, उसमें भारतीय जनता पार्टी को जनमत मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि बरोदा उपचुनाव में भाजपा को आम चुनाव से अधिक जनमत मिला है। जबकि कांग्रेस पार्टी की वोट आम चुनाव की अपेक्षा घटी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा को आम चुनाव में 33 प्रतिशत जनमत मिला था और वर्ष 2019 के आम चुनाव में जनमत बढ़कर 36 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि जनमत प्राप्त करना कोई जादूगरी नहीं बल्कि जनता के बीच में रहकर उनके लिए विकास कार्य करवाकर जनता से विश्वास जीतना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नौकरियों, रजिस्ट्रियों में पारदर्शिता व योग्यता को बढ़ावा दिया गया है। अब युवा किताबों को पढऩे पर मजबूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदेश में जीरो टोलरेंस से काम किया है और आगे भी करेंगे, किसी से किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा, अढ़ाई करोड़ जनता सरकार का परिवार है।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच में जाएं, जनता को उपलब्धियों के बारे में जानकारी दें तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ मिले इसका भी प्रबंध करें। उन्होंने कहा कि पार्टी के साथ लोगों को जोड़ें तो लेकिन दबाव, लालच देकर नहीं बल्कि उनके साथ भाईचारे व सरकार की उपलब्धियों का लाभ देकर ताकि वह हमें छोड़कर न जाएं और स्थायी रूप से हमारे साथ रहें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब इस कार्यालय से बैठकर पार्टी को मजबूती मिलेगी, यह कार्यालय सबका है, पदाधिकारी समय पर आते हैं और समय के अनुसार दूसरा पदाधिकारी बदल जाता है, यह लोकतांत्रिक पार्टी है, सभी का अधिकार समान है।
सांसद संजय भाटिया ने भाजपा जिला कार्यालय के भूमि पूजन अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि अब कार्यकर्ताओं को बैठने और काम करने का मौका मिलेगा। यह कार्यकर्ताओं की वर्षों पुरानी मेहनत का परिणाम है कि आज मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा इसको पूरा किया जा रहा है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा ने आए हुए अतिथियों का आभार प्रकट किया और मुख्यमंत्री का भाजपा कार्यालय के भूमि पूजन के अवसर पर पहुंचने पर धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय के बनने से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। यह कार्यालय 6 माह के अंदर बनकर तैयार हो जाएगा, यहां पर भाजपा के जन प्रतिनिधि बैठकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और पार्टी के कार्यक्रम भी होंगे। इस कार्यक्रम के मंच का संचालन भाजपा के जिला महामंत्री राजबीर शर्मा ने किया।
ये रहे उपस्थित।
भाजपा कार्यालय के भूमि पूजन अवसर पर सांसद संजय भाटिया, विधायक हरविन्द्र कल्याण, रामकुमार कश्यप, धर्मपाल गोंदर, मेयर रेनू बाला गुप्ता, जिला प्रभारी रामेश्वर चौहान, पूर्व विधायक भगवानदास कबीरपंथी, स. बख्शीश सिंह विर्क, रमेश कश्यप, पूर्व जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, अशोक सुखीजा, अतर सिंह संधू, जंग बहादुर चौहान, सतीश कालड़ा, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, वीरेन्द्र मराठा, कार्यालय निर्माण समिति के अध्यक्ष जीएल शर्मा, स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र, पूर्व मानद सचिव संतोष अत्रेजा, केशकला कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष यशपाल ठाकुर, हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र चौहान, पंजाबी अकादमी के उपाध्यक्ष स. गुरविन्द्र सिंह सहित सभी पार्षद व गणमान्य व्यक्ति व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।