सत्ता के भोग में किसानों के दुश्मन बने खट्टर व दुष्यन्त : सुरजेवाला

March 10, 2021

सत्ता के भोग में किसानों के दुश्मन बने खट्टर व दुष्यन्त : सुरजेवाला

दुष्यंत चौटाला को सिर्फ़ कुर्सी प्यारी, जनता से वोट लिया व विश्वासघात किया और सत्ता के लिए किसान हित बेच दिया

कैथल,10 मार्च 2021 रवि पथ :

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व उपमुख्यमंत्री दुष्यन्त चौटाला पर सत्ता के भोग में किसानों का दुश्मन होने का आरोप लगाया। सुरजेवाला ने चुनावों के समय जजपा पार्टी द्वारा पेश किया चुनावी मैनिफेस्टो का हवाला देते हुए कहा कि दुष्यन्त चौटाला ने उनकी पार्टी जजपा के मैनिफेस्टो में MSP का कानून बनाने व फसलों की खरीद पर 10% या 100रु प्रति क्विंटल बोनस का वादा किया था। लेकिन सत्ता के लालच व भोग में इतने अंधे व बहरे हो चुके हैं कि आज मोदी व खट्टर सरकार की गोदी में बैठकर हरियाणा की जनता की आत्मा को कुरेदने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले 4 महीनों से किसान विरोधी 3 काले कानूनों के विरोध में किसान दिल्ली के बॉर्डर पर आंदोलनरत हैं और 300 से ज्यादा किसान अपनी शहादत दे चुके हैं। लेकिन मोदी व खट्टर सरकार की गोदी में बैठकर दुष्यन्त चौटाला किसान व मजदूर की आत्मा को कुरेदने का काम कर रहे हैं। आज सत्तालोलुप जजपा व दुष्यन्त चौटाला का भाजपा भक्त और किसान विरोधी चेहरा सबके सामने है। खुद को किसान हितों की पैरोकार बताने वाली दुष्यंत चौटाला की पार्टी ज़जपा को वास्तव में सिर्फ़ कुर्सी प्यारी है, हरियाणा की जनता से वोट लिया व विश्वासघात किया और सत्ता के लिए किसान हित बेच दिया।

सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस किसानों के पूरी तरह से साथ हैं और बड़े से बड़ा बलिदान करने से पीछे नहीं हटेगी। आज सभी नागरिक किसान आंदोलन का साथ दें और मोदी भक्ति में लीन जजपा को आईना दिखाएं।