जेजेपी के संगठन में प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्तियां

September 5, 2020

जेजेपी के संगठन में प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्तियां

 जेजेपी ने 11 प्रकोष्ठों का गठन कर नियुक्त किए प्रभारी व प्रदेशाध्यक्ष

चंडीगढ़, 5 सितंबर रवि पथ :

  जननायक जनता पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के गठन के बाद अब प्रदेश स्तर पर कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। पार्टी ने 11 प्रकोष्ठों का गठन करते हुए इन प्रकोष्ठों में 15 वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी व प्रदेशाध्यक्ष के पद की कमान सौंपी गई हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने विचार-विमर्श के बाद यह नई नियुक्तियों की सूची जारी की और नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।

जेजेपी ने हिसार निवासी शीला भ्याण को फिर से महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी देते हुए प्रदेशाध्यक्ष बनाया हैं। शीला भ्याण राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रह चुकी हैं और वे बरवाला विधानसभा से चुनाव लड़ चुकी हैं। इनके पास लंबे समय से महिला प्रकोष्ठ के संचालन का अच्छा अनुभव हैं। इनकी देखरेख में प्रदेश में “हरी चुनरी चौपाल” के 55 से ज्यादा सफल कार्यक्रम भी आयोजित किए जा चुके हैं।

वरिष्ठ नेता अशोक शेरवाल जेजेपी के फिर से अनुसूचित जाति (एससी) प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष होंगे। वरिष्ठ नेता होने के नाते अशोक शेरवाल के पास संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है क्योंकि वे पूर्व में राष्ट्रीय सचिव से लेकर एससी सैल के प्रदेशाध्यक्ष के पद पर कार्य कर चुके हैं। पोस्ट ग्रेजुएशन तक शिक्षा प्राप्त अशोक शेरवाल इससे पहले बहुजन समाज पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे चुके हैं।

जेजेपी के बीसी सैल के पहले प्रदेशाध्यक्ष रह चुके जींद निवासी राम मेहर ठाकुर को इसी प्रकोष्ठ में बड़ी जिम्मेदारी देते हुए प्रभारी के पद नियुक्त किया हैं। वहीं पार्टी ने वरिष्ठ नेता करनाल निवासी उमेद कश्यप को नई जिम्मेदारी देते हुए बीसी सैल के प्रदेशाध्यक्ष की कमान सौंपी है। इससे पहले उमेद कश्यप जेजेपी के राष्ट्रीय सचिव थे। उमेद कश्यप पिछड़े वर्ग के बड़े नेता हैं। वे वर्ष 1996 में करनाल से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं तथा 2019 में घरौंडा विधानसभा सीट से जेजेपी के प्रत्याशी थे।

जेजेपी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष रह चुके पानीपत निवासी सुरेश मित्तल पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ के नए प्रभारी होंगे। पार्टी ने जींद निवासी महावीर गुप्ता को नई जिम्मेदारी देते हुए जेजेपी व्यापार प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष बनाया हैं। महावीर गुप्ता जींद विधानसभा सीट से जेजेपी के उम्मीदवार रह चुके हैं। इनके पिता कद्दावर नेता स्व. मांगे राम गुप्ता ने जींद विधानसभा सीट से ही कुल 8 बार चुनाव लड़ा और वे 4 बार यहां से विधायक बने। मांगे राम गुप्ता साल 2005 की हरियाणा सरकार में वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री भी थे।पार्टी ने अपने कर्मचारी प्रकोष्ठ में फिर से दादरी निवासी संजीव मंदोला को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए इस प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया हैं। संजीव मंदोला जेबीटी अध्यापक की नौकरी छोड़कर जेजेपी में शामिल हुए थे और वे निरंतर कर्मचारी वर्ग के हक में उनकी आवाज बुलंद करते आए है।

कुरुक्षेत्र निवासी प्रो. रणधीर चीका को पार्टी ने नई जिम्मेदारी देते हुए बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ की कमान सौंपी है। रणधीर चीका बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के नये प्रदेशाध्यक्ष होंगे। वे कई सालों से पार्टी की छात्र इकाई इनसो के प्रभारी हैं। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में पिहोवा सीट से पार्टी के प्रत्याशी थे।

करनाल निवासी मोहसीन चौधरी को पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की कमान सौंपी गई है और वे इस प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष होंगे। वहीं पार्टी ने गुरुग्राम निवासी कर्नल सुखविंद्र सिंह राठी को फिर से पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष बनाया हैं।

जेजेपी ने अपने चिकित्सा प्रकोष्ठ में फिर से गुरुग्राम निवासी डॉ. नरेश शर्मा को प्रभारी के पद पर नियुक्त किया हैं। वहीं पार्टी के मेडिकल प्रकोष्ठ में फतेहाबाद निवासी डॉ. वीरेंद्र सिवाच को संगठन में नई जिम्मेदारी देते हुए प्रदेशाध्यक्ष बनाया हैं। डॉ. सिवाच 2019 के विधानसभा चुनाव में फतेहाबाद से जेजेपी के प्रत्याशी थे। वे शहर के जाने-माने चिकित्सक हैं और लंबे समय से राजनीति से जुड़े हुए हैं।रोहतक से रविंद्र सांगवान को जेजेपी ने फिर से युवाओं की कमान सौंपते हुए उन्हें पार्टी के युवा प्रकोष्ठ का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। मेहनती व कर्मठ रविंद्र सांगवान के पास लंबे समय से युवाओं को संगठन के साथ जोड़ने का अच्छा अनुभव हैं।जेजेपी शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) प्रकोष्ठ में प्रदेशाध्यक्ष के पद कार्य चुके भिवानी निवासी ईश्वर सिंह मान को पार्टी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए यूएलबी सैल का प्रभारी नियुक्त किया हैं। वहीं पार्टी के शहरी स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ में सिरसा निवासी रोहित गनेरीवाला को नई जिम्मेदारी मिली हैं और वे इस प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष होंगे। इससे पहले रोहित गनेरीवाला सिरसा से जेजेपी के शहरी जिला अध्यक्ष थे।