एनीमिया मुक्त हिसार अभियान के तहत सूर्यनगर क्षेत्र में 422 महिलाओं व बच्चों की जांच

January 4, 2021

एनीमिया मुक्त हिसार अभियान के तहत सूर्यनगर क्षेत्र में 422 महिलाओं व बच्चों की जांच

हिसार, 04 जनवरी रवि पथ :

जिला को एनीमिया मुक्त करने की दिशा में आरम्भ किए गए नो योअर एचबी अभियान के तहत सूर्यनगर क्षेत्र में गत दो दिनों के दौरान 422 महिलाओं व बच्चों का स्वास्थ्य जांचा गया। नगर निगम क्षेत्र में चलाई जा रही हीम वैन में जांच के दौरान 359 महिलाओं व बच्चों में एनीमिया के हल्के लक्षण पाए गए। इनका एचबी स्तर 9 ग्राम से 11.9 ग्राम के बीच में था। 51 महिलाओं व बच्चों में एनीमिया के लक्षण चिंताजनक पाए गए। इनका एचबी स्तर 7 ग्राम से 8.9 ग्राम के बीच में था। 4 महिलाओं व बच्चों में एनीमिया के गंभीर लक्षण पाए गए। इनका एचबी स्तर 7 ग्राम से भी कम था। जांच के दौरान 8 महिलाएं व बच्चे बिल्कुल स्वस्थ मिले। इनका हीमोग्लोबिन स्तर 12 ग्राम या इससे ऊपर पाया गया। इन सभी को जिला प्रशासन की ओर से प्रशंसा-पत्र वितरित किए गए। जिन महिलाओं व बच्चों का हीमोग्लोबिन स्तर निर्धारित स्तर से नीचे था, उन्हें एक माह के लिए आयरन, फॉलिक एसिड तथा अन्य दवाइयां नि:शुल्क वितरित की गई।


अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से पोष्टिक भोजन तथा खान-पान की आदतों के बारे में भी जानकारी दी गई। जांच करवाने आई महिलाओं को बताया गया कि लोहे की कढ़ाई में खाना बनाना सेहत के लिए फायदेमंद होता है। जब हम लोहे के बर्तन में खाना बनाते हैं तो इसके अंश भोजन में मिलकर शरीर में पहुंचते हैं जो रक्त में हीमोग्लोबिन की मात्रा को बढ़ाते हैं और इससे एनीमिया जैसी समस्या दूर होती है। पालक, आंवला, टमाटर जैसी आयरन वाली चीजों को जब इनमें पकाया जाता है तो इस पोषक तत्व में और भी इजाफा होता है।