हरियाणा निवास तक होगा विधान सभा परिसर

August 18, 2020

हरियाणा निवास तक होगा विधान सभा परिसर

दो सभागारों में स्थापित होगी मीडिया गैलरी, पत्रकारों को उपलब्ध होगा प्रत्येक दृश्य

चंडीगढ़, 18 अगस्त रवि पथ :

हरियाणा विधान सभा के मानसून सत्र के लिए प्रेस गैलरी सेक्टर 3 स्थित हरियाणा निवास में रहेगी। सभी मीडिया कर्मी वहीं से मानसून सत्र को कवर करेंगे। विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने मंगलवार प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में योजना बनाई। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के महानिदेशक पीसी मीणा, विस अध्यक्ष के सचिव सुभाष चंद शर्मा, हरियाणा विधान सभा के मीडिया एवं संचार अधिकारी दिनेश कुमार सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने पत्रकारों से हुई बातचीत के आधार पर मीडिया गैलरी विधान सभा परिसर से बाहर बनाने का सुझाव दिया। कोविड 19 के प्रकोप बीच हो रहे मानसून सत्र में सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। विधान सभा में प्रवेश के लिए कोविड 19 की नेगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य कर दी गई है। बैठक में सुझाव आया कि सत्र की कवरेज करने वाले प्रत्येक मीडिया कर्मी को कोरोना टेस्ट करवाने के लिए बाध्य करना ठीक नहीं है। इसलिए यह रास्ता निकाला गया कि मीडिया गैलरी विधान सभा परिसर से बाहर स्थापित की जाए। अधिकारियों ने सुझाव दिया कि इसके लिए हरियाणा निवास उपयुक्त जगह रहेगी। हरियाणा निवास के दोनों सभागार इस प्रयोजन के लिए बुक करवाये जाएंगे तथा इस स्थान को सत्रावधि तक विधान सभा परिसर घोषित किया जाएगा। एक सभागार प्रिंट मीडिया के लिए तथा दूसरा इलेक्ट्रोनिक मीडिया के लिए निर्धारित होगा।

सत्र के दौरान मीडिया गैलरी में उपलब्ध करवाई जाने वाली प्रत्येक सामग्री हरियाणा निवास में ही उपलब्ध होगी। इसके साथ ही मीडिया कर्मियों को सभी विजुअल्स उपलब्ध करवाने के लिए यहां बड़ी स्क्रीन भी स्थापित होगी। सत्र का प्रत्येक दृश्य मीडिया कर्मियों तक पहुंचाने के लिए तीन विशेष कैमरे सदन में लगाए जाएंगे। पत्रकारों तथा मीडिया कर्मियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी हरियाणा निवास में होगी। इलेक्ट्रोनिक मीडिया के संवाददाताओं को विधान सभा भवन के बाहर लिंक उपलब्ध करवाया जाएगा। यह भी तय हुआ कि प्रत्येक मीडिया संस्थान की सीट मीडिया गैलरी में निर्धारित होगी। प्रत्येक संस्थान से एक समय में एक प्रतिनिधि ही कवरेज के लिए पहुंचे, इसके लिए सभी संपादकों को पत्र लिखा जाएगा।

ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि विधान सत्र में जन सरकारों से जुड़े विषयों पर काम किया जाता है। इसलिए इनकी पहुंच जनता तक अनिवार्य है। इस बार जनता की ओर से दर्शक सत्र में प्रत्यक्ष नहीं पहुंच सकेंगे, इसलिए पूरी जानकारी मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रेस पालिका लोकतंत्र का चतुर्थ स्तंभ है। मीडियाकर्मियों की हर सुविधा का ख्याल रखना विधान सभा सचिवालय अपना कर्तव्य समझता है। उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए, इसके लिए पूरे प्रबंध किए जाएंगे।तीनो स्थानों पर होगा विधायकों का भोजन

सामाजिक दूरी संबंधी नियमों का पूरी तरह से पालन करने के लिए विधायकों का भोजन तीन स्थानों पर होगा। यह भोजन पैक्ड होगा तथा पूरी तरह से स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्धारित मापदंडों के अनुसार तैयार करवाया जाएगा। विधान सत्र के दौरान या इसके बाद कोई भी सदस्य मीडिया से बात करना चाहेगा तो वह हरियाणा निवास पहुंच कर ही अपनी बात रखेगा। इसके लिए विधायकों को विशेष रूप से सूचित किया जाएगा।