भाजपा गठबंधन सरकार असल में है घोटालों की सरकार: अभय सिंह चौटाला

November 27, 2021

भाजपा गठबंधन सरकार असल में है घोटालों की सरकार: अभय सिंह चौटाला

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली राशि को भी नहीं बख्शा

कोरोना महामारी के दौरान जब प्रदेश के सभी लोग इस बीमारी से जूझ रहे थे तब भाजपा गठबंधन सरकार के संरक्षण में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत फर्जी महिलाओं की एंट्री कर 5 हजार रूपए प्रति महिला एंट्री के नाम पर करोड़ों रूपए खाए जा रहे थे

भाजपा सरकार के सात साल के कार्यकाल में प्रदेश को ऐसे लूटा गया है जैसे लुटेरे गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा था

चंडीगढ़, 27 नवंबर  रवि पथ :

इनेलो प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार में हर दूसरे दिन कोई न कोई घोटाला उजागर हो रहा है। अब प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के नाम पर एक और घोटाला सामने आया है। इस घोटाले में लगभग 2 हजार 900 फर्जी महिलाओं की एंट्री दिखा कर एक करोड़ चालिस लाख से ऊपर का घोटाला किया गया है। उन्होंने कहा कि यह तय है कि कोई भी घोटाला बगैर सरकार के संरक्षण के संभव नहीं हो सकता।
कोरोना महामारी के दौरान भाजपा गठबंधन सरकार ने प्रदेश को जमकर लूटा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के नाम पर उजागर हुआ यह घोटाला इसका ताजा उदाहरण है। कोरोना महामारी के दौरान जब प्रदेश के सभी लोग इस बिमारी से जूझ रहे थे तब भाजपा गठबंधन सरकार के संरक्षण में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत फर्जी महिलाओं की एंट्री कर 5 हजार रूपए प्रति महिला एंट्री के खाए जा रहे थे जिसकी रकम करोड़ों मेें बनती है। दरअसल प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र गर्भवती महिलाओं को एक बच्चे के लिए सिर्फ एक बार 5 हजार रूपए सहायता के रूप में दिए जाते हैं और यह बड़े शर्म की बात है कि जो राशि बच्चे के लिए दी जाती है भाजपा गठबंधन सरकार की शह पर उसमें भी घोटाला कर दिया।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार के सात साल के कार्यकाल में प्रदेश को ऐसे लूटा गया है जैसे लुटेरे गजनवी ने सोमनाथ मंदिर को लूटा था। मंत्री से लेकर संतरी तक सभी भ्रष्टाचार करने और जनता की गाढी कमाई को लूटने में लगे हैं। प्रदेश में चारों तरफ अराजकता का माहौल बना दिया गया है। प्रदेश के लोगों को अब इस बात का अहसास हो गया है कि विकास के नाम पर वोट लेने के बदले में भाजपा गठबंधन सरकार ने सिर्फ विनाश दिया है। भाजपा गठबंधन सरकार असल में घोटालों की सरकार है।