आदमपुर में भव्य की जीत के साथ ही क्षेत्र में बहेगी विकास की गंगा : डा. कमल गुप्ता

October 17, 2022

आदमपुर में भव्य की जीत के साथ ही क्षेत्र में बहेगी विकास की गंगा : डा. कमल गुप्ता

सरकार ने समय—समय पर जारी किया आदमपुर के विकास के लिए बजट

विधायक बनकर भव्य और संजीदगी से उठाएंगे क्षेत्र की मांगे व समस्याएं

हिसार रवि पथ :

हरियाणा के शहरी निकाय मंत्री डा. कमल गुप्ता ने कहा है कि आदमपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा—जजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई की जीत के साथ ही आदमपुर क्षेत्र में विकास की गंगा बहेगी। उन्होंने कहा कि हलके का विधायक बनने के बाद भव्य बिश्नोई पूरी संजीदगी से क्षेत्र की मांगे उठाएंगे और समस्याओं का समाधान करवाएंगे।
डा. कमल गुप्ता सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आदमपुर के विकास के लिए समय—समय पर बजट जारी किया है। कुछ दिन पहले भी मुख्यमंत्री ने कुलदीप बिश्नोई की मांग पर अलग—अलग मदों के लिए 800 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इससे पहले आदमपुर में हुई रैली में भी उन्होंने विकास संबंधी अनेक घोषणाएं की थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सबका साथ—सबका विकास के नारे के साथ काम कर रही है और यही कारण है कि आदमपुर क्षेत्र के लिए समय—समय पर बजट जारी किया है। उन्होंने कहा कि भव्य बिश्नोई के नामांकन के दिन से ही उनका प्रचार अभियान लगातार जोर पकड़ता जा रहा है और आए दिन बहुत से लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।
डा. कमल गुप्ता ने कहा कि आदमपुर विधानसभा के 180 बूथों, 56 गांव व एक शहर में यह चुनाव है। हर बूथ तक हमारा कार्यकर्ता पहुंच चुका है और एक बार नहीं बल्कि 10—10 बार हमारा कार्यकर्ता वोटरों से संपर्क करेगा। इसके अलावा ​तीनों मंडलों आदमपुर, काजलां व बालसमंद की त्रिदेव बैठकें हो चुकी है और पन्ना प्रमुखों की ड्यूटियां निश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा अपने शासन में विकास कार्य करवाने की बात कहकर आदमपुर की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं जबकि जनता जानती है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में आदमपुर क्षेत्र में विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि आदमपुर की जनता 26 वर्षों से राजनीतिक वनवास झेल रही है और भव्य बिश्नोई की जीत के साथ ही यह वनवास समाप्त हो जाएगा। एक सवाल के जवाब में डा. कमल गुप्ता ने कहा कि आदमपुर में चौ. भजनलाल की विरासत व भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत होगी। इस दौरान डा. कमल गुप्ता ने हिसार शहर के विकास कार्यों का ब्यौरा भी दिया।
पत्रकार सम्मेलन में प्रदेश सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी, चेयरमैन बलवान सिंह, जिला मीडिया प्रमुख राजेन्द्र सपड़ा उपस्थित रहे।