प्रधान मंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्वभर में बज रहा भारती संस्कृति का डंका : कैप्टन अभिमन्यु

October 27, 2022

प्रधान मंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्वभर में बज रहा भारती संस्कृति का डंका : कैप्टन अभिमन्यु

अयोध्या में 15 लाख से अधिक दीपों का बना विश्व रिकॉर्ड

एवं विदेशों में भी दीवाली की धूम भारत के बढ़ते कद का प्रमाण

हिसार रवि पथ :

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन ​अभिमन्यु ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री की मजबूत नेतृत्व शक्ति का ही परिणाम है कि आज न केवल भारत बल्कि विदेशों में भी भारतीय संस्कृति का डंका बज रहा है। ब्रिटेन व अमेरिका जैसे देशों में दीवाली की धूम रही , वहीं अयोध्या में 15 लाख द्वीप प्रज्ज्वलित ​करके विश्व रिकॉर्ड बनाना प्रशंसनीय है।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि दीपावली के दिन अयोध्या में 15 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किया जाना ऐतिहासिक क्षण रहा और यह एक विश्व रिकॉर्ड बना है, जो हमारे देश व भारतीय संस्कृति के लिए गौरवशाली बात है। पूरी दुनिया ने इस भव्य दिव्य दृश्य को देखा। उन्होंने ब्रिटेन में ऋषि सुनक के प्रधानमंत्री बनने का स्वागत करते हुए कहा कि यह देश के लिए गर्व का विषय है कि भारतीय मूल का व्यक्ति आज ब्रिटेन का प्रधानमंत्री है। दुनिया भर में बसे भारतीयों में एक नया आत्मविश्वास दिख रहा है। अब केवल भारत ही नहीं बल्कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री निवास पर दीवाली कार्यक्रम हुआ, अमेरिका की उप राष्ट्रपति के निवास पर दीवाली कार्यक्रम हुआ और अमेरिका में दीवाली के अवसर पर छुट्टी होना भारत के बढ़े हुए क़द का प्रमाण है। भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने नोटों पर तस्वीर मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि अब तक अल्पसंख्यक तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले भी भारतीय संस्कृति के प्रतीकों व देवी देवताओं का सम्मान करने लगे हैं। यही नहीं भगवान राम के अस्तित्व पर सर्वोच्च न्यायालय में सवाल लगाने वाले लोग भी अब मंदिरों व भारतीय त्योहारों को मनाने लगे है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय भारतीय संस्कृति का स्वर्णिम काल है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि भारत 21वीं सदी में विश्व गुरू बनेगा और हमें खुशी है कि स्वामी विवेकानंद का सपना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ओजस्वी नेतृत्व में पूरा होने जा रहा है।
भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से हरियाणा को दीपावली तोहफ़ा दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज फरीदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा को हजारों करोड़ के विकास तोहफा दिया है। उन्होंने इसे दीपावली गिफ्ट बताते हुए इसका स्वागत किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश नई उंचाइयों को छू रहा है और मनोहर लाल जी के आठ वर्ष के मुख्यमंत्री कार्यकाल में हरियाणा ने चहुन्मुखी उन्नति की है।