अच्छा साहित्य देश को दे सकता है नई दिशा : डीपी वत्स

May 31, 2022

अच्छा साहित्य देश को दे सकता है नई दिशा : डीपी वत्स

फौजियों पर आधारित लोकगीत पुस्तक का किया विमोचन

हिसार, 31 मई  रवि पथ :

राज्यसभा सांसद लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) डीपी वत्स ने मंगलवार को महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में प्रसिद्ध लेखिका डॉ संजीव कुमारी की पुस्तक गया पलटण म्ह का विमोचन किया।
उन्होंने कहा कि देश और संस्कृति पर कार्य करने वाले विद्वान सच्चे अर्थों में देशभक्त होते हैं। पुस्तक की लेखिका डॉ संजीव कुमारी ने फौजियों से संबंधित लोक गीतों को पुस्तक रुप में ढालकर एक अनमोल उपहार देश के जवानों को दिया है। उन्होंने लेखिका को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की भी कामना की।
महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज के सीईओ एवं एयर मार्शल डॉ आर के रान्याल ने कहा कि राष्ट्र संस्कृति और राष्ट्र भक्ति की बेजोड़ भावांजलि इस विशेष पुस्तक में निहित है। लेखिका का यह प्रयास देश के जवानों को प्रोत्साहित करेगा। लेखिका इससे पहले भी हरियाणवी संस्कृति को संरक्षित करते हुए कई पुस्तकें लिख चुकी है। पुस्तक की लेखिका डॉ संजीव कुमारी ने बताया कि इस पुस्तक में फौजियों से संबंधित लोकगीतों का संकलन है। सैनिकों से संबंधित गीतों की यह अपने आप में पहली पुस्तक है। उन्होंने बताया कि फौजी जब ड्यूटी पर तैनात होता है तो घर पर माहौल कैसा रहता है, उनके माता-पिता, भाई-बहन, पत्नी- बच्चों की संवेदनाएं, भावनाओं को दर्शाने का प्रयास इस पुस्तक में किया गया है। इस अवसर पर सानवी, परमीत, नवीन कौशिक, बनवारी लाल व अनिल बड़सी आदि मौजूद रहे।