हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा का चुनावी दौरा- उत्तरप्रदेश में बदलाव की बयार, कांग्रेस मजबूत स्थिति में

January 31, 2022

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा का चुनावी दौरा- उत्तरप्रदेश में बदलाव की बयार, कांग्रेस मजबूत स्थिति में

कोल विधानसभा क्षेत्र से विवेक बंसल करेंगे बड़ी जीत हासिल : कुमारी सैलजा

नई दिल्ली, 31 जनवरी  रवि पथ –

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की कुनीतियों से त्रस्त हो चुकी है। चाहे लखीमपुर खीरी में किसानों की नृशंस हत्या हो, हत्यारों को सरकार का समर्थन हो, वंचित परिवारों के साथ अत्याचार की वारदातें हों या दुष्कर्म की दुःखद खबरें, भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को सिर्फ और सिर्फ नाकामी ही दी है। इस सरकार ने रोजगार मांग रहे युवाओं पर लाठियां बरसाकर अपना चरित्र उजागर किया है। आज उत्तर प्रदेश में बदलाव की बयार बह रही है और  प्रियंका गांधी जी के नेतृत्व में आज कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में मजबूत स्थिति में है।

यह बातें कुमारी सैलजा ने उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में कहीं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कोल विधानसभा सीट से प्रत्याशी  विवेक बंसल जी हमेशा जनता के दुख सुख में शरीक होते हैं। वह कोल विधानसभा की जनता से अपील करती हैं कि बदलाव की इस लड़ाई को मजबूत करें। यह चुनाव कोल का भविष्य तय करने वाला चुनाव है। कोल के विकास के लिए जनता  विवेक बंसल जी को भारी मतों से जिताए। जिससे कोल विधानसभा विकास की नई ऊंचाइयों को छूए। साथ ही उन्होंने अलीगढ़ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के विधानसभा प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील भी की।

कुमारी सैलजा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में भाजपा के गृह राज्य मंत्री के बेटे ने किसानों पर गाड़ी चढ़ाकर किसानों के प्रति भाजपा सरकार के मंसूबो को साफ दिखा दिया था। लखीमपुर खीरी में किसानों की नृशंस हत्या जैसी वारदातों ने यह भी साबित कर दिया कि भाजपा किस हद तक गिर सकती है। यह सरकार हमेशा से किसान और मजदूर विरोधी रही है। भाजपा ने काले कृषि कानून लाकर अपनी किसान और मजदूर विरोधी मंशा पहले ही दिखा दी थी, एक साल से अधिक किसान और मजदूरों ने सर्दी, धूप, बारिश सब कुछ सहते हुए सत्याग्रह किया और 700 से अधिक किसानों ने अपना बलिदान दिया और इस अहंकारी सरकार को पीछे हटने पर विवश किया। लेकिन यह सरकार अब अपने वादे से पीछे हट रही है। इसी को लेकर आज किसान पूरे देश में विश्वासघात दिवस मना रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों पर कुमारी सैलजा ने कहा कि जब से भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में आई है तब से दुष्कर्म, हत्या और अन्य अपराधों के मामले आए दिन देखने मिल रहे हैं। चाहे हाथरस की घटना हो, आगरा में अरुण वाल्मीकि की मौत की घटना को या और भी ऐसे कई मामलों ने उत्तर प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था की सच्चाई जाहिर की है। इस सरकार में अनुसूचित जाति वर्ग पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। आज उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध सबसे अधिक हो रहे हैं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की महासचिव और हमारी नेता  प्रियंका गांधी जी ने ‘लड़की हूँ लड़ सकती हूँ’ जैसी मुहिम चलाकर उत्तर प्रदेश की लड़कियों के स्वाभिमान को और भी अधिक बढ़ाया है। चुनाव हेतु 40 फीसद महिला प्रत्याशी घोषित करके कांग्रेस ने महिलाओं के प्रति अपनी प्रगतिशील सोच को आगे रखा है।

इसके अलावा  राहुल गांधी जी के साथ मिलकर प्रियंका गांधी जी ने भर्ती विधान लाकर युवाओं के भविष्य के प्रति कांग्रेस का दृढ़ संकल्प सामने रखा है। कांग्रेस पार्टी ने भर्ती विधान लाकर 20 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया है। राज्य सरकार के अंतर्गत होने वाली सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, प्रदेश के सभी युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त बसें और मुफ्त रेल यात्रा प्रदान की जाएगी, जहाँ प्रवेश पत्र को मुफ्त पास माना जाएगा। ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस के आरक्षण को सख्ती से लागू करने हेतु भर्ती प्रक्रिया के लिए एक ‘सामाजिक न्याय पर्यवेक्षक’ नामित किया जाएगा। छात्रों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए सभी राज्य विश्वविद्यालयों में एक एडवांस प्लेसमेंट सेल स्थापित की जाएगी।
सफाई कर्मचारियों के परिवार के युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के विशेष अवसर प्रदान किए जाएंगे और उन्हें अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। इस भर्ती विधान से रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे युवाओं को रोजगार की दिशा में उम्मीद की एक किरण दिखाई दी है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भारत युवाओं का देश है लेकिन यह सरकार युवा शक्ति का दमन करने पर तुली हुई है। देश में करोड़ों युवा बेरोजगार हैं, उन्हें नौकरी मिलने के विकल्प सीमित होते जा रहे हैं। इससे यह जाहिर है कि भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों ने भारत को दशकों पीछे धकेल दिया है। पूरे देश ने प्रयागराज में युवाओं पर हुए लाठीचार्ज को देखा। जबकि उन युवाओं का कसूर सिर्फ इतना था कि वे रोजगार का अपना हक मांग रहे थे। मगर इस सरकार ने युवाओं को सिर्फ लाठियां दी। भाजपा दो करोड़ युवाओं को प्रति वर्ष रोजगार देने के वादे के साथ सत्ता में आई लेकिन उसका यह वादा जुमला साबित हुआ।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार बेरोजगारी का दंश देकर युवाओं के भविष्य को कुचलना चाहती है, लेकिन कांग्रेस पार्टी कांग्रेस अध्यक्ष  सोनिया गांधी जी,  राहुल गांधी जी और  प्रियंका गांधी जी के नेतृत्व में युवाओं का भविष्य उज्ज्वल करके सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरे देश का भविष्य निखारने का दृष्टिकोण रखती है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि इस जुमलेबाजी सरकार को सबक सिखाने का समय आ गया है। आज  राहुल गांधी जी और  प्रियंका गांधी जी हर मोर्चे पर सरकार की जनविरोधी नीतियों का मुकाबला कर रहे हैं। इस किसान विरोधी सरकार के अत्याचारों को खत्म करने का मौका अब आ चुका है। उत्तर प्रदेश का किसान,मजदूर, युवा और महिलाएं लोकतंत्र और वोट की ताकत से इस सरकार को जवाब देने के लिए तैयार हैं।

इस दौरान विधायक प्रदीप चौधरी, विधायक शीशपाल केहरवाला, विधायक रेनू बाला, विधायक चिरंजीव राव, अलीगढ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संतोष सिंह, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोडी, पूर्व मंत्री कृष्ण मूर्ति हुड्डा, पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादयान, पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर, पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के चेयरमैन लाल बहादुर खोवाल, हरियाणा कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता बजरंग दास गर्ग, कृष्ण सातरोड, हरियाणा कांग्रेस कोषाध्यक्ष रोहित जैन, संजीव भारद्वाज, गौरव ढींगडा, अनिल सैनी, अशोक गोयल मंगालीवाला, राज कुमार शर्मा, राजू मान, बलजीत कौशिक, राकेश तंवर, योगेश ढींगड़ा, राकेश भड़ाना, सविता चौधरी, राजेश पुरखासिया, नवीन शर्मा, आनंद जाखड़, सुरेन्द्र श्योकंद, पवन अग्रवाल, वंदना सिंह, सीमा जैन, अशोक टांक, पंकज डाबर, संजय सोलंकी, राजेश शर्मा, नरपाल गुज्जर, पवन चोपड़ा, कंवरदीप सैनी, अशोक रावल, सुरजीत पंजोखरा, अनुराग आहूजा, अमित कोचर, आशीष ठक्कर, प्रवीण चौधरी, सुनीता फागना, सोनू चौधरी, कुणाल छोक्कर, तेजिंद्र मक्कड़, आकाश बत्रा, भारत मदान, तरुण चुग, संजीव चौधरी, परी अंबाला, संजय भारद्वाज, देवेंद्र पार्षद, राजेश शर्मा, मिथुन वर्मा आदि मौजूद रहे।