हिसार सीएम रैली में हुई शूटिंग

April 5, 2019

 हिसार सीएम रैली में हुई शूटिंग

लोकसभा के नलवा हलके के कैमरी गांव में भारतीय जनता पार्टी ने विजय संकल्प रैली का आयोजन किया।

रैली में मुख्य वक्ता प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर रहे। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, पूर्व विधायक रणवीर गंगवा सहित तमाम बीजेपी जिला पदाधिकारी मौजूद रहे।

रवि पथ ब्यूरो हिसार

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर उन्होंने कहा कि नलवा हलके में उन्हें पहले भी रैली करनी थी लेकिन मौसम खराब होने के कारण रैली संपन्न नहीं हो पाई। जिसके बाद से उन्हें नलवा हलके में एक रैली करनी थी जिसके लिए उन्होंने लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए नलवा हल्के को पहले चुना है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की बीजेपी सरकार ने नौकरियों में पारदर्शिता लाने का काम किया है और देश को मजबूत करने के साथ-साथ सभी वर्गों के लिए विकास कार्य करवाए हैं। वहीं उन्होंने कहा कि जो कुछ कार्य शेष रह गए हैं वह भारतीय जनता पार्टी की आगामी सरकार बनने पर पूरे किए जाएंगे।

वहीं रैली में कुछ युवा ऐसे भी थे जो पुलिस की भर्ती को लेकर वर्तमान बीजेपी सरकार से नाराज नजर आए। उन्होंने कहा कि सरकार ने कहा था कि जिन युवाओं के पिता नहीं हैं उन्हें भर्ती में विशेष छूट दी जाएगी लेकिन सरकार की इस घोषणा का लाभ डी ग्रुप में तो दिया गया लेकिन पुलिस की भर्ती में ऐसे युवाओं को लाभ नहीं मिला। जिसको लेकर विजय संकल्प रैली में आए युवाओं ने मुख्यमंत्री को पोस्टर दिखा कर अपनी बात उनके सामने रखी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी माना कि उनसे गलती हुई है जो आधिकारिक लेवल पर हुई है और इसे दुरुस्त करने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और कैप्टन अभिमन्यु ने भी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश में एक मजबूत सरकार लाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि 2019 का चुनाव नरेंद्र मोदी बनाम कौन है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के पास कोई भी मजबूत प्रधानमंत्री का चेहरा नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस चुनाव में अलिबाबा और 40 चोर हैं जिसका नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे है।

मुख्यमंत्री की विजय संकल्प रैली में अनियमितताओं का आलम शिखर पर रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विकास कार्यों का लेखा-जोखा एक पुस्तक द्वारा लोगों तक पहुंचाया गया लेकिन यह पुस्तक लोगों के पांव में गिरी हुई नजर आई। यहां तक कि खुद भाजपा के कार्यकर्ता ही पुस्तक को पांव के नीचे कुचलते नजर आए। इस पुस्तक में हलका नलवा के विकास कार्यों का भी बखान किया गया था।

*छोटे-छोटे बच्चों के हाथों में थमाए फ्लेक्स !*

विजय संकल्प रैली में आयोजकों द्वारा बहुत छोटे-छोटे बच्चों के हाथों में अपनी वाहवाही के लिए फ्लेक्स थमा दिए गए। कुर्सियों पर बैठे लगभग 14 वर्ष से भी कम बच्चे एक तरह से मजदूरी करते नजर आए। छोटे बच्चों के हाथों में फ्लेक्स आयोजकों पर सवालिया निशान खड़े कर रहे थे।

*छोटे बच्चों के साथ गर्मी में तंग दिखाई दी महिलाएं*

हिसार के गांव कैमरी में विजय संकल्प रैली में छोटे बच्चों के साथ आई महिलाएं गर्मी से बहुत तंग नजर आई। रैली के आयोजकों द्वारा समुचित व्यवस्था ना किए जाने के कारण छोटे-छोटे बच्चे और महिलाएं गर्मी में बेहाल नजर आए। यहां तक की किसी प्रकार के पंखे और पानी की व्यवस्था भी आयोजकों द्वारा नहीं की गई थी।

*सरे आम उड़ी अचार संहिता की धज्जियां !*

मुख्यमंत्री द्वारा विजय संकल्प रैली में संबोधन के दौरान घोषणा की गई की गैस रहित परिवार की सूचना देने वाले व्यक्ति को ₹100 का इनाम दिया जाएगा। जिस पर राजनीति के जानकारों का कहना है कि कोड ऑफ कंडक्ट लगने के बाद किसी प्रचार सभा में मुख्यमंत्री द्वारा की गई इस प्रकार की घोषणा सरे आम आचार संहिता की धज्जियां उड़ाना है। हालांकि इस बारे में अधिकारियों से उनका पक्ष लेने का प्रयास किया गया लेकिन उपलब्ध नहीं हो पाए।