शहरी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटे धनखड़

May 4, 2022

शहरी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटे धनखड़

गोहाना में दो दर्जन से अधिक कार्यक्रमों में की भागीदारी, ग्राउंड स्तर पर लिया चुनावी तैयारियों का जायजा

ट्रिपल इंजन की सरकार बढ़ाएगी विकास की रफ्तार – बोले धनखड़

गोहाना , 4 मई रवि पथ :

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष औमप्रकाश धनखड़ ने बुधवार को सोनीपत जिले की गोहाना नगर परिषद के चुनाव की तैयारियों का ग्राउंड स्तर पर जायजा लिया। उन्होंने जिला सोनीपत प्रभारी पूर्व एमएलए भगवानदास कबीरपंथी व गोहाना निकाय चुनाव प्रभारी पानीपत की मेयर अवनीत कौर सहित स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दो दर्जन से अधिक कार्यक्रमों में भागीदारी करते हुए कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाई और निकाय चुनाव में विजय श्री मिलने तक पूरे जोश व उत्साह के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष औम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि केंद्र में भाजपा की मोदी सरकार, प्रदेश में मनोहर सरकार और निकायों में भी शहर की छोटी
सरकार भाजपा की बनने से शहरी विकास को नये पंखे लग जाएंगे। तीनों स्तरों पर भाजपा की सरकार यानी ट्रिपल इंजन सरकार यानि विकास कार्र्यों की स्पीड भी तीन गुणा तेज होगी। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार निश्चित रूप से शहर के विकास की रफ्तार को बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि शहरी मतदाता समझदार है और जानता है कि पीएम मोदी ने राष्ट्र हित में निर्णय लेकर विश्व पटल पर भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है। देश की रक्षा व सुरक्षा को मजबूत किया है। कश्मीर से धारा 370 हटाई, दुश्मन देश को उनके घर में जाकर पीटा, राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू करवाया। प्रदेश में भाजपा नीत मनोहर सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन करने का काम किया है। समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है। नगर निकाय की छोटी सरकार भी भाजपा की बनने से निकाय स्तर तक व्यवस्था परिवर्तन का कार्य पूरी पारदर्शिता से होगा।
धनखड़ ने कहा कि चुनाव कब होंगे यह निर्णय निर्वाचन आयोग को तय करना है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता शहरी नगर निकाय चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी कार्यकर्ताओं के साथ फील्ड में उतरे हुए हैंंं। कार्यकर्ताओं की टीम अपने -अपने स्तर पर जनसंपर्क अभियान में जुटी हुई हैंं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल के आठ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 26 मई को प्रदेश भर में 21 लाख परिवारों से संपर्क किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता के लिए राष्ट्रहित पहले है, पार्टी व परिवार बाद में। दूसरे राजनीतिक दलों की विचारधारा परिवारवाद व क्षेत्रवाद तक सीमित है। उन्होंने गोहाना वासियों से अपने शहर में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष औमप्रकाश धनखड़ का गोहाना पहुंचने पर जिला अध्यक्ष तीर्थ राणा, पूर्व मंत्री कविता जैन, बिजेंद्र मल्हान, जवाहर सैनी, पूर्व विधायक बिजेंद्र मलिक, पूर्व विधायक रामफल चिढ़ाना, रमेश कश्यप, परमजीत सैनी सहित पार्टी पदाधिकारियों व अन्य कार्यकर्ताओं ने जोरदार अभिनंदन किया।