किसानों के पक्ष में उतरे भाजपा नेता सम्पत सिंह कहा :- डिप्टी स्पीकर गंगवा और सांसद सुनीता दुग्गल किसानों पर दर्ज केस रदद् करवाएं

July 13, 2021

किसानों के पक्ष में उतरे भाजपा नेता सम्पत सिंह कहा :- डिप्टी स्पीकर गंगवा और सांसद सुनीता दुग्गल किसानों पर दर्ज केस रदद् करवाएं

हिसार   रवि पथ :-

सिरसा में भाजपा नेताओं के विरोध मामले में किसानों पर दर्ज केसों में भाजपा की तरफ से विरोधाभाषी बयान आने लगे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृहमंत्री ने डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा और सांसद सुनीता दुग्गल से किसानों पर दर्ज केस वापस लेने की अपील की है। इस बारे में पूर्व मंत्री ने किसान आंदोलन की फ़ोटो पोस्ट करते हुए ट्वीट किया है। अपने ट्वीट में पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता प्रो सम्पत सिंह ने लिखा है कि किसानों के संयम की सीमा बार-बार टूट रही है। लंबे आंदोलन में ऐसा हो जाना लाज़मी है। किसी पार्टी में किसानों की तरह इतनी क्षमता नहीं की ऐसा आंदोलन चला ले। ऐसा सिर्फ किसान ही कर सकता है।

सरकार को बातचीत के माध्यम खोलने चाहिए। डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा व सांसद सुनीता दुग्गल को बड़ा दिल कर किसानों पर दर्ज मुक़दमें वापिस करवाने चाहिए। ज्ञात रहे कि सिरसा में सीडीएलयू में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम का किसानों ने जबरदस्त विरोध किया था। कार्यक्रम समाप्ति के बाहर बाहर निकलते समय सांसद सुनीता दुग्गल और डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा किसानों के बीच फंस गए थे। किसानों ने इस दौरान पथराव भी किया जिससे गंगवा की गाड़ी का शीशा टूट गया था। पुलिस ने इस मामले में 100 से ज्यादा किसानों के खिलाफ सरकारी सम्पति तोड़ने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने व जानलेवा हमला का केस दर्ज किया है।