95 साल की बुजुर्ग महिला बनी मिसाल, जांच में मिला 13 ग्राम एचबी, प्रशासन द्वारा सम्मानित

December 30, 2020

95 साल की बुजुर्ग महिला बनी मिसाल, जांच में मिला 13 ग्राम एचबी, प्रशासन द्वारा सम्मानित

“नो योअर एचबी” अभियान के तहत आजाद नगर क्षेत्र में 447 महिलाओं व बच्चों का स्वास्थ्य जांचा गया।

हिसार, 30 दिसंबर रवि पथ :

आजाद नगर क्षेत्र की 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला दूसरों के लिए मिसाल बनी है। जिला को एनीमिया मुक्त करने की दिशा में आरम्भ किए गए “नो योअर एचबी” अभियान के तहत जांच में इनका हीमोग्लोबिन स्तर 13 ग्राम मिला, जिसके बाद प्रशासन की ओर से इन्हें प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया। बुजुुर्ग महिला का नाम कांता देवी है जो ‘हीम’ वैन पर अपने स्वास्थ्य की जांच की लिए पहुंची थी। देसी खान-पान के चलते ये महिला स्वस्थ थी। उपायुक्त डॉ प्रियंका सोनी ने बताया कि ‘हीम’ वैन नगर-निगम एरिया में महिलाओं व बच्चों में हीमोग्लोबिन स्तर को जांचने के लिए चलाई गई हैं। एनीमिया मुक्त हिसार अभियान अभी तक पूरी तरह से सफल रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘हीम’ वैन में स्वास्थ्य विभाग की टीम के पास महिलाएं और बच्चे स्वयं अपनी जांच के लिए आगे आ रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि एनीमिया मुक्त हिसार अभियान के तहत एक माह तक विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं व बच्चों की जांच कर नि:शुल्क दवाएं दी जाएंगी और उन्हें एनीमिया से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दो दिन तक आजाद नगर क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 447 महिलाओं व बच्चों में हीमोग्लोबिन स्तर को जांचा गया। इनमें से 252 में एनीमिया के हल्के लक्षण पाए गए, यानी इनका एचबी स्तर 9 ग्राम से 11.9 ग्राम के बीच में था।

134 में एनीमिया के लक्षण चिंताजनक पाए गए। इनका एचबी स्तर 7 ग्राम से 8.9 ग्राम के बीच में था। 20 महिलाओं में एनीमिया के गंभीर लक्षण पाए गए, इनका एचबी स्तर 7 ग्राम से भी कम था। जांच के दौरान 41 महिलाएं व बच्चे बिल्कुल स्वस्थ मिले। इनका हीमोग्लोबिन स्तर 12 ग्राम या इससे ऊपर पाया गया। इन सभी को जिला प्रशासन की ओर से प्रशंसा-पत्र वितरित किए गए। जिन महिलाओं व बच्चों का हीमोग्लोबिन स्तर निर्धारित स्तर से नीचे था, उन्हें एक माह के लिए आयरन, फॉलिक एसिड तथा अन्य दवाइयां नि:शुल्क वितरित की गई।

अभियान के तहत चलाई गई हीम वैन में स्वास्थ्य जांच करवाती 95 वर्षीय बुजुर्ग कांता देवी।