भाजपा गठबंधन सरकार में संतरी से लेकर मंत्री तक सभी प्रदेश को लूटने में लगे हैं: अभय सिंह चौटाला

September 19, 2022

भाजपा गठबंधन सरकार में संतरी से लेकर मंत्री तक सभी प्रदेश को लूटने में लगे हैं: अभय सिंह चौटाला

प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है

बुजुर्ग बुढ़ापा सम्मान पेंशन कटने से, आम जनता रोजमर्रा की चीजों में महंगाई से, युवा बढ़ती बेरोजगारी से, किसान फसलों की खरीद एमएसपी पर न होने और खराब फसलों के मुआवजे न मिलने से, मजदूर काम न मिलने से व आढ़ती और छोटा व्यापारी सरकारी नीतियों से बुरी तरह त्रस्त है

प्रदेश की जनता भाजपा गठबंधन सरकार को उखाड़ फेंकने को तैयार बैठी है और इसका आगाज देश के उप-प्रधानमंत्री रहे स्वर्गीय जननायक देवी लाल की जयंती पर 25 सितम्बर को फतेहाबाद से होगा

प्रदेश में एक बार फिर से इनेलो की सरकार बनेगी और बच्चों को अच्छी शिक्षा, योग्य युवाओं को नौकरी, भाजपा सरकार द्वारा बंद किए गए सरकारी स्कूलों को पुन: खोला जाएगा, किसानों को उसकी फसल की एमएसपी पर खरीद, कमेरों को काम और छोटे व्यापारियों को व्यापार में मदद और लाखों बुजुर्गों की काटी गई पेंशन पुन: बहाल की जाएगी

चंडीगढ़, 19 सितंबर रवि पथ  :

इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा गठबंधन सरकार में संतरी से लेकर मंत्री तक सभी प्रदेश को लूटने में लगे हैं और भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा गठबंधन सरकार के संरक्षण में पूरे प्रदेश में माफियाओं ने कब्जा किया हुआ है। बुजुर्ग ‘बुढ़ापा सम्मान पेंशन’ कटने से, आम जनता रोजमर्रा की चीजों में महंगाई से, युवा बढ़ती बेरोजगारी से, किसान फसलों की खरीद एमएसपी पर न होने और खराब फसलों के मुआवजे न मिलने से, मजदूर काम न मिलने से व आढ़ती और छोटा व्यापारी सरकारी नीतियों से बुरी तरह त्रस्त है। भाजपा ने उनके आठ साल के शासनकाल में प्रदेश को गर्त में पहुंचा दिया है। प्रदेश पर ढाई लाख करोड़ से ऊपर का कर्जा हो गया है और विकास के नाम पर एक ईंट भी कहीं नहीं लगी है। पुलिस और प्रशासन पर भाजपा गठबंधन सरकार की कोई पकड़ नहीं है जिस कारण से अधिकारी मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं और जनता काम के लिए अधिकारियों के चक्कर काट-काट कर बेहाल हो चुकी है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा गठबंधन सरकार को उखाड़ फेंकने को तैयार बैठी है और इसका आगाज देश के उप-प्रधानमंत्री रहे स्वर्गीय जननायक देवी लाल की जयंती पर 25 सितम्बर को फतेहाबाद से होगा। इस महारैली में पूरे प्रदेश से लाखों की संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग पहुंच कर जननायक नीतियों पर मुहर लगाएंगे और 2024 में देश और प्रदेश से भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने की नींव रखेंगे। प्रदेश में एक बार फिर से इनेलो की सरकार बनेगी और बच्चों को अच्छी शिक्षा, योग्य युवाओं को नौकरी, भाजपा सरकार द्वारा बंद किए गए सरकारी स्कूलों को पुन: खोला जाएगा, किसानों को उसकी फसल की एमएसपी पर खरीद, कमेरों को काम और छोटे व्यापारियों को व्यापार में मदद और लाखों बुजुर्गों की काटी गई पेंशन पुन: बहाल की जाएगी।