भाजपा सरकार द्वारा हिसार दूरदर्शन केंद्र को बंद करने की रची जा रही है साजिश: अभय सिंह चौटाला

January 12, 2022

भाजपा सरकार द्वारा हिसार दूरदर्शन केंद्र को बंद करने की रची जा रही है साजिश: अभय सिंह चौटाला

हिसार दूरदर्शन केंद्र पूर्व उप-प्रधानमंत्री स्वर्गीय ताऊ देवीलाल की स्मृति में बना था

हिसार दूरदर्शन केंद्र पर किसानों को फसलों की बिजाई से लेकर फसलों में होने वाली बिमारियों के लिए उपचार एवं अन्य जानकारियां दी जाती है

प्रदेश के लेखकों व कलाकारों के लिए हिसार दूरदर्शन केंद्र परिचर्चा , कविता पाठ और हरियाणवी संस्कृति का भी मंच है

अगर हिसार दूरदर्शन केंद्र बंद हो गया तो हरियाणा की कला, संस्कृति व साहित्य का केन्द्र यहां से खत्म हो जाएगा

चंडीगढ़, 12 जनवरी  रवि पथ :

इनेलो प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर हिसार के दूरदर्शन केंद्र को बंद करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि हिसार दूरदर्शन के डायरेक्टर का तबादला कर देने के बाद किसी को भी इस केंद्र का चार्ज नहीं सौंपा गया जिससे भाजपा की केंद्र सरकार की मंशा में खोट नजर आ रहा है। भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान पिछले कुछ सालों में हिसार दूरदर्शन केंद्र के जितने भी कर्मचारी सेवानिवृत हुए हैं उनकी जगह पर किसी भी कर्मचारी की नियुक्ति नहीं की गई है। दूरदर्शन केंद्र के एकमात्र कैमरामैन का तबादला भी हिसार से चंडीगढ़ दूरदर्शन केंद्र में कर दिया गया है। यदि न्यूज बुलेटिन चलाने की मंशा होती तो एकमात्र कैमरामैन का तबादला क्यों किया गया?
उन्होंने कहा कि हिसार दूरदर्शन केंद्र पूर्व उप-प्रधानमंत्री स्वर्गीय ताऊ देवी लाल का सपना था और उनकी स्मृति में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की भाजपा सरकार में बना था। हिसार में दूरदर्शन को चलते लगभग बीस साल हो गये, सबसे दुखद बात यह कि जिस भाजपा के केंद्र में रहते यह हिसार दूरदर्शन केंद्र बुलंदियों पर था और इसका भव्य उद्घाटन हुआ था आज उसी भाजपा के केंद्र में रहते इसे बड़ी खामोशी से बंद किये जाने की कोशिश हो रही है। भाजपा की सहयोगी पार्टी जो अपने आप को स्वर्गीय देवी लाल के पदचिन्हों पर चलने की बात करके लोगों से वोट ले लिए और अब अब मौन है।
हरियाणा कृषि प्रधान प्रदेश है और यहां कृषि कार्यक्रम सबसे लोकप्रिय हैं। हिसार दूरदर्शन केंद्र पर किसानों को फसलों की बिजाई से लेकर फसलों में होने वाली बीमारियों के लिए उपचार एवं अन्य जानकारियां दी जाती हैं। प्रदेश के लेखकों व कलाकारों के लिए हिसार दूरदर्शन केंद्र परिचर्चा, कविता पाठ और हरियाणवी संस्कृति का भी मंच है। पिछले बीस वर्षों में हरियाणा के लेखकों व कलाकारों का डेरा यहां लगता रहा है। अगर हिसार दूरदर्शन केंद्र बंद हो गया तो हरियाणा की कला, संस्कृति व साहित्य का केन्द्र यहां से खत्म हो जाएगा, जो हरियाणा प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति होगी। इसके बावजूद अब इस पर केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्रालय की कुटिल दृष्टि पड़ने वाली है और आने वाले दिनों में यह चंडीगढ़ से कार्यक्रमों का प्रसारण केंद्र मात्र रह जाने वाला है ।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हिसार दूरदर्शन केंद्र पर अनेक कर्मचारी अस्थायी या अनुबंध पर काम कर रहे हैं, यह केंद्र बंद हो जाने से वो सभी बेरोजगार हो जाएंगे। जो कर्मचारी ओवर एज हो चुके हैं वे सदा के लिए नौकरी से हाथ धो बैठेंगे उनका भविष्य भी अंधकार में हो जाएगा और उन्हें अपने परिवार का पेट पालने के लिए रोजगार कौन देगा? जनता के टैक्स की गाढ़ी कमाई से बना करोड़ों रुपये का ऑफिस और कॉलोनी खंडहर बना दी जायेगी।