भाजपा नही भ्रष्टों की सरकार: मनोज राठी

October 28, 2020

भाजपा नही भ्रष्टों की सरकार: मनोज राठी

सीएलयू के नाम पर हिसार में 2000 करोड़ का घोटाला
प्रेस वार्ता में बोले आप नेता: नगर निगम में हुआ है 2000 करोड़ से अधिक का घोटाला

मेयर सहित कई नामी नेताओं के खिलाफ पेश किए सबूत
बोले, नगर निगम को मिलने वाला हजारों करोड़ डकार गए नेता व अधिकारी

हिसार रवि पथ :

आम आदमी पार्टी के प्रेस प्रवक्ता व जिला पार्षद मनोज राठी ने कहा है कि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार घोटालों की तमाम हदें पार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि हिसार निगम के अन्र्तगत आने वाले क्षेत्र में रिहायशी क्षेत्र को कमर्शियल जोन में बदलने की एवज में दो हजार करोड़ रुपयों का घोटाला हुआ है। आप नेता के अनुसार जिस पैसे पर हिसार की जनता का हक था, वो पैसा सरकारी खजाने में जमा करवाने की बजाय गठबंधन सरकार के सफेद पोशों व कुछ भ्रष्ट अधिकारियों की जेबों में गया है। उन्होंने कहा कि बड़ी बात यह है कि एक तरफ जहां मुख्यमंत्री ईमानदार का चोला पहनने का ढोंग किए हुए हैं, वहीं अकेले हिसार शहर में लैंड यूज के नाम पर ही 2000 करोड़ से अधिक रुपयों का घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां सरकार व निगम का काम अवैध निर्माण रोकना होना चाहिए, वहीं सरकारी मशीनरी व भाजपा के नेता ही इस महाघोटाले की धुरी बने हुए है। इस दौरान उन्होंने हिसार में तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर अवैध तरीके से निर्माण होने के सबूत भी मीडिया कर्मियों को सौंपे। जिसमें एक निर्माण मेयर गौतम सरदाना के भाई के अवैध रुप से बन रहे व्यावसायिक परिसर भी शामिल था। उन्होंने कहा कि जनता को सुविधाएं देने की बजाय, चुनाव नजदीक आते ही भाजपा के नेता हिसार एयरपोर्ट का सपना दिखाने लगते हैं।
इसी प्रकार आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता मनोज राठी ने कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन राज में अवैध खनन घोटाला, फर्जी किसान ऋण घोटाला, किलोमीटर स्कीम घोटाला, मीटर खरीद घोटाला, ओवरलोडिंग घोटाला, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग जॉब फॉर सेल घोटाला, छात्रवृति घोटाला, हरियाणा में भाजपा के विभिन्न दफतर बनाने ख़ातिर 1500 करोड़ रूपये घोटाले व 300 करोड़ रूपये का कोट-फरीदाबाद जमीन घोटाले जैसे ना जाने कितने घोटाले हुए है। उसके बावजूद भी भाजपा सरकार के आला नेता ईमानदार होने का ढोंग कर रहे हैं। भाजपा-जजपा सरकार मगरमच्छों को पकडऩे की बजाय भ्रष्टाचार रुपी तालाब की छोटी-छोटी मछली को पकड़ कर उपलब्धियाँ गिनवा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में आंकठ डूबी हुई है।

खजाने में जमा होती रकम तो बदल जाती हिसार की तस्वीर:
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता मनोज राठी ने कहा कि करीब दो हजार करोड़ के यह घोटाले की रकम यदि सरकारी खजाने में जमा होती तो इस पैसे से दिल्ली की तर्ज पर आधुनिक सरकारी स्कूल खोले जा सकते थे, मौहल्ला क्लीनिक बनाकर पूरे हिसार जिले में पांच वर्ष तक नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकती थी। हिसार शहर में 400 से अधिक सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति करके पूरे हिसार शहर को पांच वर्ष तक चमकाया जा सकता था। शहर के प्रत्येक कौने-कौने में नगर निगम की 50 बसें चलाई जा सकती थी।
क्या कहते हैं नियम:-
आम आदमी पार्टी के प्रेस प्रवक्ता मनोज राठी के अनुसार नगर निगम के नियमानुसार यदि किसी जॉन विशेष (क्षेत्र विशेष) की स्थिति में बदलाव करना है तो इसके लिए संबंधित विभाग से सी.एल.यू. लेने सहित तमाम औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती है। इसके लिए तय शुल्क अदा करने के साथ नए जॉन विशेष के लिए तय नियमों का पालन भी करना पड़ता है। वो टैक्स सरकारी खजाने में जमा होता है। आमतौर पर 11000 से 14000 रुपये प्रति स्केयर मीटर के हिसाब से फीस लेने के बाद भी तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही रिहायशी क्षेत्र को कमर्शियल क्षेत्र में बदलने की अनुमति मिलती है। मगर यहां कुछ नेताओं व अधिकारियों ने सारे नियमों को ताक पर रख कर पूरे शहर का रुप स्वरूप बदल दिया है। इसकी आड़ में बहुत बड़ा घोटाला हुआ है।

भ्रष्टाचारियों के रेट फिक्स :-
जिला पार्षद मनोज राठी के अनुसार रिहायशी क्षेत्र को कामर्शियल में बदलने के इस खेल में नगर निगम के कर्मचारियों व अधिकारियों व नेताओं के रेट तय हैं। चाहे केस कोई भी लेकर आए, सभी का हिस्सा उनकी टेबल तक पहुंच ही जाता है। इससे भी बड़ी बात यह है कि सफेदपोश, बिल्डिंग ठेकेदार, नक्शानवीस से लेकर बिचौलिये इस भ्रष्टाचार में इन्वोल हैं।

नेताओं व अधिकारियों की मिलीभगत :-
आप नेता मनोज राठी के अनुसार रिहायशी प्लॉट में कमर्शियल बिल्डिंग बनाने की प्रक्रिया इतनी जटिल व लंबी है कि इसे बगैर नेताओं, नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों मिली भगत के अंजाम नहीं दिया जा सकता। हिसार में चले रहे इस भ्रष्टाचार के खेल में किसी भी इमारत के बनने की स्थिति में इस महाघोटाले से जुड़े लोग गिद्व की तरह नजर रखते हैं, और उसे नोटिस भेजने से लेकर, उसे गिराने की धमकी देेने की प्रक्रिया की आड़ में इस घोटाले को अंजाम दिया जा रहा है। यहां तक की इन प्रक्रिया में जुटे लोगों ने किराये पर भी लोग रख रखे हैं। मकान का जॉन बदलने से लेकर बेसमेंट बनाने की प्रकिया में मिलने वाला शुल्क व जुर्माना राशि सरकारी खजाने में की बजाय कुछ घोटाले बाजों की जेब में जा रही है।

रहने लायक नहीं बचेगा हिसार:-
आम आदमी पार्टी के नेता मनोज राठी के अनुसार हिसार शहर के अलग-अलग हिस्सों में पडऩे वाले रिहायशी क्षेत्रो में व्यावसायिक गतिविधियों के बढऩे से यहां न केवल वाहनों का आवागमन बढ़ रहा है, बल्कि यहां पानी व सीवरेज पर भी दबाव बढऩेे लगा है। उदाहरण के तौर पर एक रिहायशी मकान में जहां दो या चार व्यक्ति ही पीने के पानी का उपयोग करते थे, वहीं इस मकान में व्यावसायिक गतिविधियाँ बढऩे से यहां इतने ही क्षेत्र में औसतन तीस लोग उस पानी का उपयोग करेंगे। सिवरेज की भी ऐसी ही स्थिति होगी। ऐसे में पूरे क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी होना तय है। साथ ही अवैध तरीकों से बेसमेंट बनने से यहां बने पुराने मकानों की जमीन भी खोखली हो जाएगी। हिसार में ट्रैफिक जाम व प्रदूषण की समस्या आम हो जाएगी।