बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस नेता विवेक बंसल, कुमारी शैलजा, किरण चौधरी की अगुवाई में जोरदार विरोध प्रदर्शन

July 10, 2021

बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस नेता विवेक बंसल, कुमारी शैलजा, किरण चौधरी की अगुवाई में जोरदार विरोध प्रदर्शन

महापूंजीपतियों की रखवाली सरकार में आम आदमी पर बड़ी मार : विवेक बंसल

कांग्रेस मुस्तैदी से लड़ रही किसान, गरीब और मध्यम वर्ग की लड़ाई : कुमारी शैलजा

जनता का विश्वास खो चुकी केंद्र और राज्य सरकार : किरण चौधरी

चरखी दादरी  रवि पथ – 

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बढ़ती महंगाई के विरोध में चरखी दादरी में किये गए रोष प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी शैलजा, पूर्व केबिनेट मंत्री किरण चौधरी ने अगुवाई की। इस दौरान जनता कॉलेज स्टेडियम से लेकर शहर के बीचों बीच होते हुए साईकल यात्रा निकाली गई। जिनके साथ ऊंट गाड़ी और खच्चर रेहड़ी भी शामिल रही जिनपर खाली सिलेंडर रखे हुए थे। सभी नेता ऊंट गाड़ी में बैठे और सरकार के खिलाफ खुद किरण चौधरी ने बुलुन्द आवाज में नारे लगवाए।

इससे पहले खचाखच भरे शुभम वाटिका में पहुंचे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि रोम जल रहा था और नीरो बंसी बजा रहा था। यही काम हिंदुस्तान में हो रहा है। बढ़ती महंगाई से जनता त्राहि त्राहि कर रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आम आदमी को कैसे राहत मिले उस पर ध्यान देने की बजाए उनके महापूंजीपति मित्र कैसे और धनाढ्य बनें वैसी नीति बनाने पर जुटे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि बढ़ती महंगाई और तेल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि ने लोगों पर कहर ढा दिया है। सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण किसान, गरीब और मध्यम वर्ग को गुजर बसर करना मुश्किल हो गया है। बेरोजगारी में प्रदेश आज देश में पहले पायदान पर पहुंचने वाला है। गठबंधन सरकार का प्राइवेट सेक्टर में 75 प्रतिशत आरक्षण महज मजाक बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी मुस्तैदी से जनता का साथ दे रही है और आगे भी उनकी आवाज बुलुन्द करती रहेगी ताकि सोई हुई गूंगी बहरी सरकार को जगाया जा सके।

      पूर्व केबिनेट मंत्री और तोशाम से कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने कहा कि आज चंद दिनों के नोटिस जो भारी हुजूम यहां उमड़ा है उससे साफ हो गया है कि ये सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी कांग्रेस जनों ने जनता की सेवा में कसर नहीं छोड़ी। बढ़ती महंगाई के खिलाफ आज यहां से उठी आवाज दूर तक जाएगी।

उन्होंने कहा कि भयंकर मंहगाई के साथ सरकार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी विफल है। आज नहरों और नलके की बजाए लोगों को आंखों में पानी उतर आया है। भीषण गर्मी में मजबूरी में लोग ज्यादा पैसा चुकाकर टैंकरों से पानी मंगवाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था का बुरा हाल है और महिलाओं के प्रति अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।

इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अजित सिंह फौगाट, किसान नेता राजू मान, सुशील धानक, परमजीत मड्डू, रणबीर फौजी ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर पूर्व गृह मंत्री सुभाष बत्रा, पूर्व विधायक मेजर नृपेंद्र सांगवान, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, विजय खोरड़ा, दिलबाग नीमड़ी, पूर्व पार्षद सुमित शर्मा, प्रेम कुमारी अचिना, मुकेश पहाड़ी, कृष्ण लेघा, जगदीप सांगवान, देवेंद्र लीला, जोरावर सांगवान, बलजीत फौगाट, मांगेराम निमली, सतीश बंधु, ओमप्रकाश डाबला, कुलवंत रंगा, सुनील सांगवान, नवीन बखेता एडवोकेट, सज्जन डांडमा, रामोतार खोरड़ा, डॉ ओमप्रकाश, देवराज मेहता, अरुण सर्राफ, प्रमोद डोहकी, अमरसिंह हालुवासिया, शीशराम मीचु, वासु शर्मा, हरि सिंह, शीशराम चेयरमैन, सत्या लेघा, सुनीता सांगवान, धर्मबीर इंदौरा, जयसिंह कटारिया, रविन्द्र गोपी इत्यादि मौजूद थे।