जागरूकता अभियान चलाकर मतदाताओं से संपर्क साधेगी भाजपा : डॉ. आशा खेदड़

May 8, 2024

जागरूकता अभियान चलाकर मतदाताओं से संपर्क साधेगी भाजपा : डॉ. आशा खेदड़

जिले में 11 व 12 मई को हर बूथ पर चलाया जाएगा अभियान, कार्यकर्ता उत्साहित-

उम्मीदवार रणजीत सिंह व पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने दिया प्रचार अभियान का ब्यौरा-

हिसार रवि पथ :

भारतीय जनता पार्टी की ओर सेे 11 व 12 मई को मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत हर पदाधिकारी बूथ स्तर पर वहां के मतदाताओं से मिलेंगे और केन्द्र व प्रदेश सरकार की नीतियों का प्रचार-प्रसार करेंगे।
यह बात भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने सुशीला भवन स्थित लोकसभा चुनाव कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि दो दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता एक अभियान के रूप में मतदाताओं से मिलेंगे। छोटे व बड़े सभी नेता व पदाधिकारी भी इस अभियान में शामिल होंगे। वे खुद अपने गांव खेदड़ के बूथ नंबर 124, 125, 126 व 127 पर मौजूद रहेंगी और इन बूथों के मतदाताओं से संपर्क करेंगी। अभियान के दौरान बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक व बीएलओ-2 भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि दो दिन के इस अभियान के दौरान मतदाताओं को पार्टी की रीति व नीति से अवगत करवाया जाएगा। जिले के सभी बूथों पर एक साथ यह अभियान चलेगा। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से 11 व 12 मई को राष्ट्रीय स्तर पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इससे कार्यकर्ताओं में उर्जा का संचार होगा और हर मतदाता तक हमारी पहुंच बनेगी।
मौके पर मौजूद लोकसभा उम्मीदवार रणजीत सिंह ने कहा कि पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले इस अभियान से जनता में जागरूकता पैदा होगी। राष्ट्रीय स्तर पर चलने वाला यह अभियान साबित करता है कि हम चुनाव के प्रति कितने गंभीर हैं। अभियान के दौरान हर मतदाता से संपर्क होगा और हमारा प्रयास होगा कि चुनाव के दिन हम 90 प्रतिशत से अधिक मतदान करवाएं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केवल देश में ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर पहचान है और यही वजह है कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। कांग्रेस नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनाने के दावे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि हुड्डा ने कांग्रेस के सब नेताओं को ठिकाने लगा दिया है ताकि कोई उसके बेटे के रास्ते में न आए। यही नहीं, वे खुद भी कांग्रेस से अलग होने का फार्मूला खोज चुके हैं और आने वाले चुनाव के बाद पता नहीं क्या वे कहां होंगे।
इस अवसर पर मौजूद पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने कहा कि उन्होंने चौ. रणजीत सिंह के साथ आज शहर में जनसंपर्क अभियान चलाया है। अभियान के दौरान उन्हें जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है। हिसार उनका घर व परिवार है और यहां से भाजपा उम्मीदवार भारी मतों से जीतकर जाएंगे।
भाजपा लोकसभा मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि इस अवसर पर लोकसभा संयोजक रवि सैनी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट धर्मबीर रतेरिया, महामंत्री अशोक सैनी, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा, जिलासचिव डा. वैभव बिदानी, मुनीष गोेयल व अमर पातड़ सहित अन्य भी उपस्थित रहे।

 

Tags: , , , , ,