जिले में वैक्सीनेशन अभियान में तेजी, एक ही दिन में 10 हजार लोगों को दी गई वैक्सीन डोज

June 15, 2021

जिले में वैक्सीनेशन अभियान में तेजी, एक ही दिन में 10 हजार लोगों को दी गई वैक्सीन डोज

हिसार, 15 जून  रवि पथ :

डिप्टी सिविल सर्जन डॉ तरुण ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से जिलावासियों को सुरक्षा चक्र प्रदान करने की दिशा में वैक्सीनेशन अभियान को तेज किया गया है। इसी कड़ी में बीते एक दिन में 10 हजार लोगों को वैक्सीन डोज दी गई। उन्होंने बताया कि जिले में अभी तक कोविशिल्ड व कोवैक्सीन की कुल 2 लाख 79 हजार 619 वैक्सीन डोज दी गई है। अभी तक 2 लाख 43 हजार 668 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई है। इनमें 60 वर्ष से अधिक के 78 हजार 677 और 45 से 60 वर्ष के 83 हजार 970 लोगों को प्रथम डोज दी गई है। इसके अलावा 13 हजार 473 हेल्थकेयर वर्कर्स, 5 हजार 706 फ्रंटलाइन वर्कर्स तथा 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के 61 हजार 842 लोगों ने पहली डोज ली है। इसके अतिरिक्त 35 हजार 951 लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज भी ली है।


डॉ तरूण ने बताया कि आने वाले दिनों में वैक्सीनेशन अभियान को और अधिक गति दी जाएगी। जिले के विभिन्न स्थानों पर वैक्सीनेशन के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, इसलिए सभी नागरिक बेझिझक होकर वैक्सीन लगवाएं। उन्होंने कहा कि अभी तक के वैक्सीनेशन कार्यक्रम के दौरान किसी भी नागरिक में कोई गंभीर साइड इफेक्ट देखने का नहीं मिला है। भारत में विकसित कोविशिल्ड व कोवैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित वैक्सीन हैं। ऐसे में सभी नागरिकों को बिना किसी डर व शंका के अपना वैक्सीनेशन करवाना चाहिए।