पाबड़ा गांव में स्थापित मां चण्डके देवी के प्राचीन मंदिर में शतचण्डी पूजा व श्रीराम कथा का आयोजन

September 30, 2022

पाबड़ा गांव में स्थापित मां चण्डके देवी के प्राचीन मंदिर में शतचण्डी पूजा व श्रीराम कथा का आयोजन

हिसार, 30 सितंबर रवि पथ न्यूज़ :

पाबड़ा गांव में तालाब के किनारे प्राकृतिक वातावरण में स्थापित मां चण्डके देवी के प्राचीन मंदिर में इन दिनों मां शतचण्डी पूजा व श्रीराम कथा चल रही है। हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा तथा भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष ईश्वर मालवाल ने शुक्रवार को मुख्य सेवक के रूप में मंदिर में अपनी सेवाएं दी। उन्होंने बताया कि यह कथा 4 अक्टूबर तक निरंतर चलेगी। इस दौरान प्रतिदिन प्रसाद वितरण एवं अटूट भंडारे की व्यवस्था रहेगी। मंदिर में प्रतिदिन प्रात: 8 से 10 बजे तक पूजा-अर्चना एवं प्रात: 10:30 बजे हवन व आरती की जाएगी। नवरात्रों में प्रात: 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन होगा। चण्डके देवी सेवा समिति के प्रधान जगदीश तायल एवं महंत आनंद शास्त्री ने बताया कि प्राचीन मंदिर में मां चण्डके देवी के साथ-साथ मा अन्नपूर्णा, श्री लक्ष्मी नारायण, श्री राधा-कृष्ण, मां सरस्वती, संतोषी माता, शनिदेव एवं शिव-पार्वती सहित अनेक देवी-देवताओं के मंदिर बनाए गए हैं। कथा व्यास साध्वी सुजाता कृष्ण चंद्र देव जी ने श्रीराम कथा के दौरान भगवान श्रीराम से जुड़े विभिन्न प्रसंग सुनाकर श्रद्घालुओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने कहा कि श्रीराम के आदर्शों का पालन करके इंसान अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। उन्होंने श्रीराम के जन्म से लेकर उनके वनवास तक वर्णन बड़े ही सुंदर ढंग से किया।